बरेली कॉलेज के 29 एनसीसी कैडेट एक साथ बने अग्निवीर, प्रदेश में पहली बार बना अनोखा रिकॉर्ड
-आरके सिंह- बरेली। बरेली कॉलेज ने एक नई उपलब्धि अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया है। अग्निवीर सेना भर्ती में कॉलेज के 29 एनसीसी कैडेट्स का एक साथ चयन हुआ है। दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में बरेली कॉलेज पहला ऐसा महाविद्यालय बन गया है, जहां से एक ही बार में 29 छात्रों का अग्निवीर के पद पर चयन हुआ है। इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे महाविद्यालय, एनसीसी इकाई और छात्र समुदाय में उत्साह का माहौल है।
चयन के बाद एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. रितेश चौरसिया से मिले कैडेट्स
अग्निवीर भर्ती में सफलता मिलने के बाद चयनित कैडेट्स ने कॉलेज के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. रितेश चौरसिया से मुलाकात कर खुशी व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और सफलता का श्रेय एनसीसी के अनुशासित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अपने अभिभावकों के सहयोग को दिया।
कर्नल होशियार सिंह ने दिए सेना जीवन के मूल मंत्र
21 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल होशियार सिंह और एडम अधिकारी कर्नल संजय नायर ने चयनित कैडेट्स को संबोधित करते हुए सेना जीवन की मूलभूत जिम्मेदारियों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेना केवल एक नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और त्याग का सर्वोच्च माध्यम है।
स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस परेड में भी दिखा चुके हैं प्रतिभा
बरेली कॉलेज की उप-प्राचार्य एवं लेफ्टिनेंट डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि चयनित एनसीसी कैडेट्स पहले भी स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस परेड जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी का ‘सी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले अनेक कैडेट्स सेना के अलावा सिविल सेवाओं में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं।
प्रदेश में पहली बार बना यह रिकॉर्ड
डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बरेली कॉलेज ऐसा पहला कॉलेज बन गया है, जहां से एक साथ 29 छात्रों का अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
सैन्य अधिकारियों ने साझा किए अनुभव
21 बटालियन के सूबेदार मेजर प्रवीण सिंह, बीएचएम नरपत विश्नोई, सूबेदार हरी, सूबेदार गोविंद और हवलदार हर सिंह ने भी चयनित कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सेना जीवन के अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को उत्कृष्ट, जिम्मेदार और राष्ट्रनिष्ठ सैनिक बनने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश राय ने दी शुभकामनाएं
बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश राय ने चयनित सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय और एनसीसी परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम और ऊंचा करेंगे।
डॉ. रितेश चौरसिया बोले- आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा
लेफ्टिनेंट डॉ. रितेश चौरसिया ने कहा कि 29 कैडेट्स का एक साथ अग्निवीर भर्ती में चयन होना एनसीसी की गुणवत्ता और कैडेट्स की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
एनसीसी प्रशिक्षण का दिखा असर
चयनित कैडेट्स ने अपनी सफलता का श्रेय लेफ्टिनेंट डॉ. रितेश चौरसिया, 21 बटालियन के स्टाफ तथा अपने अभिभावकों को दिया। उनका कहना था कि एनसीसी प्रशिक्षण ने उन्हें न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन भी सिखाया, जो चयन में निर्णायक साबित हुआ।