350 स्वयंसेवकों का गोकुल में स्वच्छता संकल्प: कई शहरों से पहुंचे सेवाभावी हाथ, 'स्वच्छ ब्रज' के लिए घाट और नंद भवन में श्रमदान

मथुरा। ब्रज की पावन धरा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ रविवार को महावन स्थित गोकुल में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर स्वच्छता का अनूठा संदेश दिया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान के तहत चिंता हरण महादेव घाट और श्री नंद भवन (84 खंभा) परिसर में विशेष श्रमदान किया गया। इस अभियान में केवल मथुरा ही नहीं बल्कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, इटावा, हाथरस और भरतपुर सहित कई शहरों से पहुंचे 350 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जनजागरण का संदेश दिया।

Jul 12, 2026 - 13:31
 0
350 स्वयंसेवकों का गोकुल में स्वच्छता संकल्प: कई शहरों से पहुंचे सेवाभावी हाथ, 'स्वच्छ ब्रज' के लिए घाट और नंद भवन में श्रमदान
'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान के तहत रविवार को गोकुल में कचरा उठाते स्वयंसेवक।

इस अभियान से बच्चे भी जुड़ रहे हैं। कचरा उठाती एक बाल स्वयंसेवक।

अभियान का नेतृत्व उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत हार्टफुलनेस ध्यान के साथ हुई, जिसके बाद स्वयंसेवकों ने चिंता हरण महादेव घाट और श्री नंद भवन (84 खंभा) परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया। श्रमदान के माध्यम से तीर्थ स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

हार्टफुलनेस के मथुरा समन्वयक निशांत शर्मा ने कहा कि आंतरिक शुद्धि और बाहरी स्वच्छता एक-दूसरे की पूरक हैं। जब मन निर्मल होता है, तभी समाज और राष्ट्र की सेवा का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि ब्रज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

हार्टफुलनेस के उत्तर प्रदेश रीजनल कोऑर्डिनेटर अनुपम अग्रवाल ने लोगों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना ब्रज की पवित्र धरोहर को सुरक्षित नहीं रखा जा सकता।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रमदान के साथ स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और तीर्थ स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

स्वच्छता अभियान के समापन के बाद एकत्रित कूड़े को जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से हटाकर उचित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जा सका।

इस अभियान में सुरेंद्र शर्मा, योगेंद्र कुमार, प्रीति भान, के.पी. सिंह, नीरज निगम, रश्मी, रमेश वर्मा, आर.पी. शर्मा, डॉ. पंकज गुप्ता, डॉ. ज्ञानेंद्र और रक्षा सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Top of Form

Bottom of Form

Bottom of Form

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor