यूपीएमआरसी के एमडी ने किया आगरा मेट्रो के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) का लोकार्पण
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंघ निदेशक सुशील कुमार ने आज आगरा के ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आगरा मेट्रो के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) लॉन्च किया।
वन नेशन वन कार्ड की तर्ज पर एनसीएमसी कार्ड से आगरा मेट्रो में यात्रा होगी और भी स्मार्ट
कार्डधारकों को हर यात्रा पर मिलेगी 10 प्रतिशत की छूट
इस दौरान उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपेरेशन के निदेशक (रोलिंग स्टॉक) नवीन कुमार, निदेशक (संचालन) प्रशांत मिश्रा , निदेशक (वर्क एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर) सीपी सिंह, आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने ताजमहल मेट्रो पर आयोजित कार्यक्रम में रिमोट का बटन दबाकर एनसीएमसी कार्ड की खूबियों पर आधारित एक शॉर्टफिल्म का अनावरण किया। मेट्रो और एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उन्होंने एनसीएमसी कार्ड का लोकार्पण किया। इसके बाद प्रबंध निदेशक ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को एनसीएमसी कार्ड को लेकर अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर एएफसी गेट पर कार्ड को टैप कर एनसीएमसी गो स्मार्ट कार्ड की शुरूआत की ।
इस दौरान एमडी ने बताया कि उत्तर प्रदेश इस समय देश में सबसे ज़्यादा मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। कानपुर मेट्रो के बाद आगरा मेट्रो ने उत्तर प्रदेश में एनसीएमसी कार्ड लॉन्च किया है। इस कार्ड का मुख्य लाभ यह है कि यह एक इंटर-ऑपरेटेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, यानी इस कार्ड का इस्तेमाल देश की दूसरी मेट्रो, बस, पार्किंग, रिटेल सेवाओं के लिए भी किया जा सकता है, जो एनसीएमसी कार्ड का अनुपालन करती हैं। एनसीएमसी कार्ड के ज़रिए यात्री पूरे देश में आसानी से यात्रा कर सकते हैं। इससे यात्रा के दौरान समय और ऊर्जा की बचत के साथ-साथ निर्बाध आवागमन का रास्ता भी खुल रहा है।
एनसीएमसी कार्ड के फ़ायदे
मेट्रो के गोस्मार्ट और बैंकों के एनसीएमसी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड पर हर यात्रा में 10 प्रतिशत तक की छूट
एनसीएमसी स्वीकार करने वाली मेट्रो, बसों, पार्किंग, रीटेल सेवाओं में भी कर सकेंगे प्रयोग
यात्रा के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं। अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड को स्मार्ट कार्ड की तरह करें प्रयोग
23 बैंकों या अन्य मेट्रो द्वारा जारी एनसीएमसी कार्ड पर अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं
एनसीएमसी कार्ड से मेट्रो में यात्रा के लिए क्यूआर टिकट खरीदने की सुविधा
गोस्मार्ट एनसीएमसी कार्ड की उपलब्धता
कानपुर मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटर्स पर उपलब्ध
एनसीएमसी कार्ड जारी करने वाले 23 बैंकों की शाखाओं पर भी उपलब्ध
कार्ड जारी करने का शुल्कः 100/- रूपए (रिफंडेबल नहीं)
वैध पहचान पत्र व मोबाइल फोन पर ओटीपी से कार्ड हो सकेगा जारी
कार्ड टॉप-अप कैसे करें
कार्ड में न्यूनतम टॉप-अप 100 रुपये, अधिकतम 2000 रुपये
मेट्रो स्टेशन पर टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीनों द्वारा
इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड/यूपीआई द्वारा
कानपुर मेट्रो के ’मोबाइल ऐप’ और यूपीएमआरसी की वेबसाइट द्वारा