अभिनेता सोहेल खान का छलका दर्द, बोले-बचपन में हुआ था यौन शोषण,सालों तक सीने में दबाए रखा दर्द

रियलिटी शो ‘अलायंस’ में अभिनेता सोहेल खान ने खुलासा किया कि बचपन में उनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था, लेकिन उन्होंने कई वर्षों तक यह बात किसी को नहीं बताई। बाद में उन्होंने अपने पिता के सामने यह दर्द साझा किया। सोहेल ने कहा कि इसी अनुभव ने उन्हें अपने बेटों को हर बात खुलकर बताने की सीख दी। उन्होंने बुलीइंग और रैगिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही। इसके साथ ही, अभिनेता ने पत्नी सीमा खान से अलग होने की वजह भी बताई और स्वीकार किया कि करियर और मानसिक तनाव ने उनके रिश्ते को प्रभावित किया।

Jul 16, 2026 - 16:38
 0
अभिनेता सोहेल खान का छलका दर्द, बोले-बचपन में हुआ था यौन शोषण,सालों तक सीने में दबाए रखा दर्द

मुबंई। बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान ने हाल ही में रियलिटी शो ‘अलायंस’ के मंच पर अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक अध्याय का खुलासा किया। शो के लेटेस्ट एपिसोड में उन्होंने पहली बार बताया कि बचपन में उनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था। यह घटना उनके मन पर इतनी गहरी छाप छोड़ गई कि उन्होंने कई वर्षों तक किसी से इसका जिक्र तक नहीं किया।

एक कंटेस्टेंट के साथ बातचीत के दौरान सोहेल खान ने भावुक होते हुए कहा कि बचपन में उनके साथ जो हुआ, उसे लेकर वह लंबे समय तक शर्म और डर के साये में जीते रहे। उन्होंने बताया कि बड़े होने और वयस्क बनने के बाद उन्होंने आखिरकार अपने पिता को इस बारे में बताया।

सोहेल ने कहा, “जब मैं छोटा था, किसी ने मेरा यौन उत्पीड़न किया था। मैंने कई साल तक यह बात किसी को नहीं बताई। जब मैं बड़ा हुआ, तब मैंने अपने पिता से कहा कि डैडी, मेरे साथ ऐसा हुआ था। उन्होंने मुझसे पूछा कि मैंने इतने साल तक यह बात अपने अंदर क्यों दबाकर रखी। मैंने उनसे कहा कि मुझे इस बारे में बात करने में बहुत शर्म आती थी।”

अभिनेता ने बताया कि इस तरह की घटनाओं में पीड़ित की कोई गलती नहीं होती, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित खुद को दोषी मानने लगता है और शर्मिंदगी महसूस करता है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि वह हमेशा अपने बच्चों को खुलकर बात करने और किसी भी परेशानी को परिवार के साथ साझा करने की सलाह देते हैं।

बेटों को दी खास सीख

शो में सोहेल खान ने बुलीइंग और रैगिंग जैसे मुद्दों पर भी अपनी सख्त राय रखी। उन्होंने कहा कि अपने दर्दनाक अनुभवों से उन्होंने सीखा है कि बच्चों को हर परिस्थिति में अपने माता-पिता से खुलकर बात करनी चाहिए।

सोहेल ने कहा, “मैं रैगिंग के सख्त खिलाफ हूं। मैंने हमेशा अपने बेटों निर्वाण और योहान से कहा है कि अगर कोई तुम्हें परेशान करता है या बुली करता है, तो मुझसे बताने में कभी शर्म महसूस मत करना, क्योंकि मैं खुद इस दर्द से गुजर चुका हूं।”

शादी टूटने पर भी तोड़ी चुप्पी

सोहेल खान ने इसी शो में अपनी निजी जिंदगी और पत्नी सीमा खान से अलग होने की वजहों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि करियर में मुश्किल दौर और मानसिक तनाव का असर उनके रिश्ते पर पड़ा।

अभिनेता ने कहा, “उस समय मेरा काम ठीक नहीं चल रहा था, इसलिए मैं सही मानसिक स्थिति में नहीं था। मेरे व्यवहार की वजह से मैंने उस इंसान को खो दिया, जिससे मैं सच में प्यार करता था।”

सोहेल के इस खुलासे ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी ईमानदारी और साहस की सराहना कर रहे हैं। उनके बयान ने एक बार फिर यह चर्चा तेज कर दी है कि मानसिक स्वास्थ्य, बुलीइंग और यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर बातचीत करना कितना जरूरी है।