एडमिन 11 का दमदार धमाका: सीएमओ 11 को 30 रन से हराकर केआरएस टी20 लीग के फाइनल में फिर बनाई जगह

आगरा। सी न्यूज़ द्वारा आयोजित केआरएस टी20 लीग सीजन-2 के पहले सेमीफाइनल में आगरा एडमिन 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा सीएमओ 11 को 30 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश कर लिया। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में एडमिन 11 के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सीएमओ 11 की टीम 20 ओवर में 162 रन ही बना सकी।

Mar 15, 2026 - 19:30
 0
एडमिन 11 का दमदार धमाका: सीएमओ 11 को 30 रन से हराकर केआरएस टी20 लीग के फाइनल में फिर बनाई जगह
हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त करते एडमिन 11 के मोहित पांडे।

कप्तान प्रशांत तिवारी का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला

मुकाबले में आगरा एडमिन 11 के कप्तान एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सलामी बल्लेबाज अधीर बघेल और अंकित यादव ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। अधीर बघेल ने 15 गेंदों में चार चौकों की मदद से 19 रन बनाए, जबकि अंकित यादव ने 17 गेंदों में तीन चौकों के साथ 20 रन की पारी खेली।

इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज आकाश कुमार ने जिम्मेदारी संभालते हुए 33 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से शानदार 45 रन बनाए।

मोहित पांडे की विस्फोटक बल्लेबाजी

पारी के अंतिम ओवरों में मोहित पांडे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने 28 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 66 रन बनाए और टीम का स्कोर 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन तक पहुंचा दिया।

सीएमओ 11 की ओर से अंकित चौधरी ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि डॉ. तन्मय ने 33 रन देकर एक विकेट और जयवीर सिंह ने 35 रन देकर एक सफलता हासिल की।

शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी सीएमओ 11

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएमओ 11 की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज यतेंद्र सिंह पहली ही गेंद पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्टार बल्लेबाज गौरव भी दो रन बनाकर रन आउट हो गए। नरेंद्र सिंह के आउट होने के साथ ही टीम का स्कोर महज 7 रन पर तीन विकेट हो गया और डगआउट में सन्नाटा पसर गया।

तन्मय और आदित्य की शतकीय साझेदारी

इसके बाद डॉ. तन्मय और आदित्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 रन की साझेदारी कर मैच में जान डाल दी। आदित्य ने 36 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए, जबकि डॉ. तन्मय ने 30 गेंदों में छह चौकों के साथ 43 रन की पारी खेली।

आदित्य के आउट होने के बाद जयवीर सिंह ने 14 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच भर दिया, लेकिन मोहित पांडे की गेंद पर लॉन्गऑन बाउंड्री पर रवि चौधरी के हाथों कैच हो गए।

अंत में अमित चौधरी ने 12 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 20 रन बनाए, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सका और सीएमओ 11 की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन ही बना सकी।

गेंदबाजों ने भी दिखाया कमाल

एडमिन 11 की ओर से डॉ. हरित कुमार ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए। मोहित पांडे ने 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया, जबकि अभिषेक द्विवेदी और जीत सिंह ने भी एक-एक सफलता प्राप्त की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मोहित पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल पुलिस लाइन ग्राउंड पर

अब केआरएस टी20 लीग सीजन-2 का फाइनल मुकाबला 22 मार्च को आगरा पुलिस लाइन ग्राउंड पर खेला जाएगा, जहां एडमिन 11 का सामना दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। दूसरा सेमीफाइनल 21 मार्च को दोपहर 1 बजे आगरा पुलिस वॉरियर्स और नगर निगम 11 के बीच खेला जाएगा।

गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

मुकाबले के दौरान आरबीएस शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष और अवागढ़ स्टेट के युवराज अंबरीशपाल पाल सिंह, साइंटिफिक पैथोलॉजी के चेयरमैन डॉ. अशोक शर्मा तथा एसीएमओ डॉ. नीरज की धर्मपत्नी अनुराधा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। न्यूज़ डायरेक्टर चक्रेश जैन ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।

मैच की कमेंट्री विजय बघेल, विनोद जूनियर और राकेश कनौजिया ने की। इस दौरान सी न्यूज़ की टीम के उमेश शर्मा, अनिल सिंह, लखन कुशवाहा, मनीष जैन, एंकर यादती शर्मा और आंचल परमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor