पंचायत में सास और साले का खून करने वाला अफसर खान 17 घंटे के अंदर बरेली पुलिस के साथ एनकाउंटर में ढेर, आरोपी ने इससे पहले अपने सगे मामा की भी हत्या की थी

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद की पंचायत अचानक अपनी सास और साले की बेरहमी से हत्या करने का आरोपी और पत्नी को गंभीर घायल करने वाला पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा गया। इस सनसनीखेज वारदात के महज 17 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी अफसर खान को मुठभेड़ में मार गिराया।

Mar 17, 2026 - 21:56
Mar 17, 2026 - 22:05
 0
पंचायत में सास और साले का खून करने वाला अफसर खान 17 घंटे के अंदर बरेली पुलिस के साथ एनकाउंटर में ढेर, आरोपी ने इससे पहले अपने सगे मामा की भी हत्या की थी
अफसर खान का फाइल फोटो।

पंचायत में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दो की मौके पर मार डाला था

रहपुरा चौधरी गांव में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान 40 वर्षीय अफसर खान अचानक हिंसक हो गया और अपने साथ लाए चाकू से सास आसमा (54) और साले आदिल (20) पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

बीच-बचाव करने आई पत्नी साइमा (28) को भी उसने नहीं छोड़ा और उसे भी चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साइमा इस समय अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

17 घंटे में पुलिस का एक्शन, एनकाउंटर में ढेर आरोपी
घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि अफसर खान मुड़िया अहमदनगर स्थित सहारा ग्राउंड में अवैध हथियार के साथ छिपा हुआ है।

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल
इस दौरान हुई फायरिंग में कांस्टेबल रूपेंद्र और कांस्टेबल अनुराग भी घायल हो गए। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

मौके से पुलिस ने 32 बोर की पिस्तौल, हत्या में प्रयुक्त चाकू, चार जिंदा कारतूस और 10 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

आपराधिक इतिहास: पहले भी कर चुका था हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि अफसर खान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। वर्ष 2009 में उसने अपने ही सगे मामा की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी। जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा भी दर्ज है।

9 साल पुरानी शादी, विवाद बना खून का कारण
अफसर और साइमा की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे- फैज (8) और आयशा (5) हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते साइमा पिछले 5 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।

सोमवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए राशिद खान के घर के पास पंचायत हो रही थी, जहां यह खूनी घटना घटित हुई। इस दोहरे हत्याकांड और एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों की भी गहन जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor