बरेली एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह की कोशिश: महिला ने खुद पर उड़ेला डीजल, सतर्क पुलिस ने बचाई जान, शिकायत की जांच शुरू
-आरके सिंह- बरेली। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। महिला अपने साथ डीजल से भरा डिब्बा लेकर पहुंची और कार्यालय के बाहर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया। जैसे ही उसने आग लगाने का प्रयास किया, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद महिला को पूछताछ के लिए महिला थाने भेजा गया और उसके आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र निवासी मीना मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची थीं। उनका आरोप है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायतों को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इसी से आहत होकर उन्होंने विरोध स्वरूप आत्मदाह का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के हाथ में डीजल का डिब्बा देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। महिला ने अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उसे काबू में कर लिया। इस दौरान कुछ समय के लिए एसएसपी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस कार्यालय के बाहर एक महिला द्वारा स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ डालने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया। उन्होंने कहा कि महिला की काउंसलिंग की जा रही है और घटना के कारण किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं हुई।
घटना के बाद पुलिस महिला को तत्काल एसपी साउथ अंशिका वर्मा के कार्यालय लेकर पहुंची, जहां उससे पूरे मामले की जानकारी ली गई। पूछताछ के बाद महिला को महिला थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एहतियात के तौर पर उसे पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल भी भेजा गया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और उसकी शिकायतों का परीक्षण किया जाएगा तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसएसपी कार्यालय के बाहर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क कर दिया गया है।
महिला का कहना है कि उसके बेटे पर पहले जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन आरोपियों के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उसका आरोप है कि उसने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी सुनवाई नहीं हुई। इसी निराशा और आक्रोश में उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस महिला के आरोपों की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।