बरेली में 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा गया लेखपाल, एंटी करप्शन की कार्रवाई से खलबली

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बरेली में सदर तहसील के एक लेखपाल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हैसियत प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई।

Mar 9, 2026 - 21:45
Mar 9, 2026 - 21:46
 0
बरेली में 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ दबोचा गया लेखपाल, एंटी करप्शन की कार्रवाई से खलबली
बरेली में एंटी करप्शन टीम द्वारा रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गये लेखपाल का फाइल फोटो।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार सायं 17:31 बजे रोजगार कार्यालय बरेली के मुख्य द्वार पर बनी लॉबी के बायीं ओर लेखपाल महेश कुमार (उम्र करीब 36 वर्ष) को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी लेखपाल वर्तमान में तहसील सदर बरेली में तैनात है और मूल रूप से ग्राम बसहरी, थाना मटौध, जनपद बांदा का निवासी है।

उन्होंने बताया कि भारतेन्द सिंह सोनकर, निवासी थाना सुभाष नगर, जनपद बरेली, ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लेखपाल महेश कुमार उसकी पत्नी के हैसियत प्रमाण पत्र पर अनुकूल रिपोर्ट लगाने के बदले दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत की पुष्टि होने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को चिन्हित नोट देकर भेजा गया और जैसे ही लेखपाल ने रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में थाना कोतवाली बरेली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor