बरेली में बाइक होने टच पर शराब ठेके के सेल्समैन का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, दबंगों ने पीटा और एक लाख की फिरौती मांगी, 18 घंटे बाद पुलिस ने कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। पीलीभीत बाईपास पर मामूली बाइक टच की घटना ने शनिवार रात फिल्मी स्टाइल के अपहरण कांड का रूप ले लिया। शराब ठेके के एक सेल्समैन को कार सवार दबंगों ने सरेराह जबरन उठाकर कार में डाल लिया और पूरी रात शहरभर में घुमाते हुए बेरहमी से पीटते रहे। आरोपियों ने युवक के मोबाइल से उसके परिचितों को फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती भी मांगी।

May 10, 2026 - 21:57
May 10, 2026 - 21:58
 0
बरेली में बाइक होने टच पर शराब ठेके के सेल्समैन का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, दबंगों ने पीटा और एक लाख की फिरौती मांगी, 18 घंटे बाद पुलिस ने कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर पुलिस सक्रिय हुई और सर्विलांस व लगातार ट्रैकिंग के जरिए करीब 18 घंटे बाद युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ले ली है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।

बाइक में हल्की साइड लगने के बाद शुरू हुआ बवाल

भुता थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गंगवार केसरपुर स्थित शराब दुकान पर सेल्समैन हैं। रविवार को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त होकर इज्जतनगर थाने पहुंचे अभिषेक ने बताया कि वह अपने परिचित ललित पटेल समेत पांच लोगों के साथ दो बाइकों पर प्लॉट देखकर लौट रहे थे।

रात करीब साढ़े नौ बजे पीलीभीत बाईपास पर महानगर के पास पीछे से तेज रफ्तार कार निकली और उनकी बाइक में हल्की साइड लग गई।

अभिषेक के मुताबिक, उन्होंने आवाज लगाकर विरोध जताया तो कार सवार चार युवक गाड़ी से उतर आए। देखते ही देखते दबंगों ने उसे पकड़ लिया और जबरन कार में डालकर मौके से फरार हो गए।

रातभर कार में घुमाकर की पिटाई

पीड़ित अभिषेक ने बताया कि आरोपी पूरी रात उसे कार में घुमाते रहे और लगातार मारपीट करते रहे। इस दौरान आरोपियों ने उसके मोबाइल से परिचितों को फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी।

अभिषेक ने जब अपनी आर्थिक स्थिति खराब होने और दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी होने की बात कही तो आरोपी उसके परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी करने लगे।

घटना के बाद परिवार और परिचितों में दहशत फैल गई। अभिषेक के साथ मौजूद ललित पटेल ने तुरंत इज्जतनगर पुलिस को अपहरण की सूचना दी।

फ्लाइट मोड कर बचते रहे आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा

इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पुलिस ने सर्विलांस की मदद से कई टीमें लगाईं। आरोपी बार-बार अभिषेक का मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर देते थे, जिससे लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही थी।

लगातार ट्रैकिंग और दबिश के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने हवाई अड्डे के पास से अभिषेक को सकुशल मुक्त करा लिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

पुलिस ने क्योलड़िया थाना क्षेत्र के चंद्रपुर ख्यालीराम गांव निवासी उमाशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक नवाबगंज के रिछौला निवासी विमल, क्योलड़िया के गुलड़िया लेखराज निवासी आकाश और हरनेश अभी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

गाजियाबाद की कंपनी के नाम निकली कार, गिरोह से जुड़े होने की आशंका

जांच में सामने आया है कि इस्तेमाल की गई कार गाजियाबाद की एक कंपनी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस को आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं और किसी संगठित गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ और जांच में कई और तथ्य सामने आने की संभावना है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor