बरेली में भरी पंचायत में दामाद ने सास और साले को चाकू घोंपकर मार डाला, पत्नी पर भी चाकू से हमला, गंभीर हालत में आईसीयू में, डबल मर्डर कर फरार हुआ आरोपी अफसर खान
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पंचायत के दौरान हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में एक दामाद ने अपनी सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज डबल मर्डर से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी है, लेकिन वह अभी फरार बताया जा रहा है।
पंचायत के दौरान भड़का आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी अफसर खान का अपनी पत्नी सायमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पारिवारिक तनाव को खत्म करने के लिए सोमवार को गांव के ही रशीद के घर पंचायत बुलाई गई थी। उम्मीद थी कि बातचीत से विवाद सुलझ जाएगा, लेकिन पंचायत शुरू होते ही अफसर खान उग्र हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जोर से कहा, ‘मेरी पंचायत कौन करेगा, मैं खुद बदमाश हूं।‘ इसके बाद उसने जेब से चाकू निकाला और हमला कर दिया।
पहले साले पर हमला और फिर सास को चाकू से गोदा, मौके पर मौत
सबसे पहले उसने अपनी पत्नी के 19 वर्षीय भाई आदिल पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। हमला इतना अचानक और तेज था कि आदिल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
इसके बाद आरोपी ने अपनी सास आसमा (45 वर्ष) पर भी चाकू से हमला कर दिया। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। देखते ही देखते दोनों की मौत हो गई।
पत्नी को भी नहीं बख्शा
वारदात के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन जाते-जाते उसने अपनी पत्नी सायमा पर भी चाकू से हमला कर दिया और उसके पेट में वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही 19 वर्षीय आदिल की मौत हो गई। कुछ देर बाद उसकी मां आसमा ने भी दम तोड़ दिया। हमले में घायल सायमा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

हमले में घायल सायमा, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पहले भी कर चुका है हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अफसर खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2022 में उसने अपने ही सगे मामा की हत्या कर दी थी। यह मामला थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में दर्ज हुआ था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद वह गांव लौट आया था।
परिजनों का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद भी उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और वह पहले से ज्यादा आक्रामक हो गया था।
पीड़िता ने पहले ही दी थी पुलिस को चेतावनी
घटना से एक दिन पहले, यानी 15 मार्च को सायमा ने थाना इज्जतनगर में लिखित तहरीर देकर अपने पति से जान का खतरा बताया था। उसने पुलिस को बताया था कि अफसर खान उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सायमा ने यह भी कहा था कि आरोपी खुलेआम कहता है कि वह पहले भी हत्या कर चुका है और जरूरत पड़ी तो पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गांव में आक्रोश, पुलिस पर सवाल
इस वारदात के बाद पूरे रहपुरा चौधरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर पुलिस पहले ही शिकायत पर सख्त कार्रवाई करती तो शायद यह दोहरी हत्या टल सकती थी।
पुलिस आरोपी की तलाश में
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि घटना के बाद आरोपी अफसर खान फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे इलाके को हिला दिया है और अब सवाल यही है कि क्या समय रहते कार्रवाई होती तो यह खूनखराबा टल सकता था।