बंगाल में बीजेपी ने आरजी कर रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट,  19 प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

Mar 25, 2026 - 21:06
 0
बंगाल में बीजेपी ने आरजी कर रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट,  19 प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार (25 मार्च) को भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बलात्कार और हत्या की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को बीजेपी ने पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है।  इससे पहले पार्टी ने पहली लिस्ट में 144 प्रत्याशी और दूसरी लिस्ट में 111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।

बीजेपी ने कूचबिहार दक्षिण से रथीन्द्र नाथ बोस, राजगंज (एससी) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार), इस्लामपुर से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद (एससी) से हरिपद बर्मन, इंग्लिश बाजार से अमलन भादुरी, शांतिपुर से स्वपन दास, पानी हाटी से रत्ना देबनाथ को टिकट दिया है। इसके अलावा हावड़ा मध्य से बिप्लब मंडल और उत्तरपाड़ा से दीपांजन चक्रवर्ती को प्रत्याशी बनाया है।

इससे पहले पहले बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए 111 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। पार्टी ने रूपा गांगुली को सोनारपुर साउथ सीट से प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रामाणिक को माथाभांगा से टिकट दिया। पार्टी ने मेक्लिगंज से दधिराम रॉय, मदारीहाट से लक्ष्मण लिम्बु, धुपगुड़ी से नरेश चंद्र रॉय, मयनागुड़ी से कौशिक रॉय, जलपाईगुड़ी से अनंत देब अधिकारी, दार्जिलिंग से नोमन राय,  इटाहार से सबिता बर्मन, फरक्का से सुनील चौधरी, जांगीपुर से चित्तो मुखर्जी, रानी नगर से राणा प्रताप सिंह रॉय को उम्मीदवार बनाया।

बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 144 नामों का ऐलान किया था जबकि दूसरी लिस्ट में 111 प्रत्याशी शामिल थे। बीजेपी ने नंदीग्राम और भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी को टिकट दिया है। सीएम ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगी।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के चुनाव के लिए 30 मार्च को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। 9 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। पहले फेज के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। दूसरे फेज के लिए 2 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नामांकन वापसी 13 अप्रैल तक की जा सकती है। इसके अलावा 29 अप्रैल को दूसरे फेज की वोटिंग होगी। 4 मई 2026 नतीजे आएंगे।