दिल्ली में मासूम से हैवानियत, आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली, पुलिस हिरासत से भागने की कर रहा था कोशिश
दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी कैब ड्राइवर को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 11 साल की बच्ची के अपहरण, रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम को आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था, जिस दौरान उसे काबू करने के लिए कार्रवाई की गई। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह तकरीबन 5 बजे के करीब बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी, तभी कैब ड्राइवर उठा ले गया। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत बच्ची को खोजने के लिए कई खास टीमें बनाईं और कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने रेप के बाद हत्या कर बच्ची की लाश फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के किनारे फेंक दी थी। पुलिस ने लाश बरामद कर लिया है और ड्राइवर पर अपहरण, रेप और हत्या का मामला दर्ज किया है।
महरौली में फुटपाथ पर रहने वाले परिवार को सोमवार सुबह लड़की नहीं मिली तब उन्होंने उसे खोजना शुरू किया। अपहरण का शक होने पर, परिवार वालों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस दल मौके पर पहुंचे और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'आरोपी करीब 30 साल का कैब चालक है और बिहार का रहने वाला है। उसने सुबह करीब पांच बजे लड़की का अपहरण कर लिया, जब वह अपने परिवार के साथ सो रही थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्ची की खोज शुरू की। सीसीटीवी के फुटेज की जांच के दौरान कैब चालक के बारे में पता चला।' अधिकारी ने कहा कि कि बच्ची का पता लगाने और आरोपी की पहचान करने के लिए करीब 20 टीमें बनाई गईं।
एक पुलिस सूत्र ने बताया ‘‘अपराध करने के बाद, आरोपी उसी जगह पर लौट रहा था, लेकिन आसपास में पुलिस टीमों को देखकर भाग गया। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अपराध के छह घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।'
पुलिस ने कहा कि तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण ने मामले को जल्द सुलझाने में मदद की। लगातार पूछताछ के दौरान, आरोपी ने नाबालिग का अपहरण, उसके यौन उत्पीड़न और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या करने की बात कबूल की।
उसके खुलासे के आधार पर, टीमों ने सोमवार देर रात मौके से बच्ची का शव बरामद किया और मौत की सही वजह पता लगाने तथा मेडिको-लीगल सबूत जुटाने के वास्ते उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने उन दोनों जगहों की जांच की जहां से लड़की का अपहरण किया गया था और जहां उसका शव फेंका गया था। विश्लेषण के लिए नमूने और दूसरे सबूत इकट्ठा किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि वे घटनाओं के सही क्रम की जांच कर रहे हैं, और यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या आरोपी ने अकेले यह अपराध किया और क्या उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है ?