हाथरस में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का चैप्टर घोषित, रतन बिहारी अग्रवाल बने चेयरमैन
हाथरस। हाथरस में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को संगठित, सुरक्षित और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अलीगढ़–हाथरस रोड स्थित होटल अंबा एंबिएंस में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के हाथरस चैप्टर की विधिवत घोषणा की गई, जिसमें उद्योग, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को केंद्र में रखा गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के हाथरस चैप्टर की घोषणा राष्ट्रीय सलाहकार मनीष अग्रवाल द्वारा की गई। इस अवसर पर हाथरस चैप्टर के चेयरमैन के रूप में रतन बिहारी अग्रवाल की घोषणा की गई। वहीं को-चेयरमैन के रूप में नितिन अग्रवाल, रॉबिन वार्ष्णेय, विशाल अग्रवाल और विशाल चाहर के नाम घोषित किए गए।
घोषणा के साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों पर विशेष सत्र आयोजित हुआ। फूड सेफ्टी विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत शर्मा ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों से बचने की नहीं, उन्हें समझकर अनुपालन करने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रवेश के लिए इन मानकों को पूरा करना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एफएसएसएआई द्वारा फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (फूड प्रोडक्ट्स स्टैंडर्ड्स एंड फूड एडिटिव्स) रेगुलेशन्स, 2011 में संशोधन किए गए हैं, जिनमें खाने के तेलों के लिए रिफ्रेक्टिव इंडेक्स, मांस सॉसेज, डिहाइड्रेटेड टैरागन, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और एंजाइम्स के नए मानक शामिल हैं। ये बदलाव फूड प्रोसेसर्स को फॉर्मूलेशन, टेस्टिंग और लेबलिंग अपडेट करने के लिए बाध्य करते हैं।
मानव स्वास्थ्य पर प्रभाव बताते हुए उन्होंने कहा कि मांस सॉसेज में तापमान नियंत्रण, माइक्रोबायोलॉजिकल अनुपालन और एडिटिव्स की सीमाएं उपभोक्ताओं को बैक्टीरिया व विषाक्त तत्वों से सुरक्षित रखती हैं। इसी तरह, सिंथेटिक फूड कलर्स और एंजाइम्स पर सख्त नियंत्रण से सुरक्षित भोजन सुनिश्चित होता है।
चैप्टर गठन के साथ खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े हाथरस के 40 से अधिक उद्यमियों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई और शपथ ग्रहण कराई गई।
हाथरस हींग संगठन के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने उद्योग की नीतिगत समस्याओं को उठाया।
कार्यक्रम में आगरा से पधारे संगठन के महासचिव अनुज सिंघल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित प्रमुख जनों में नितिन गोयल, अनुज सिंघल, शैलेश अग्रवाल, विकास चतुर्वेदी, राकेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अजय खंडेलवाल सहित अनेक उद्यमी शामिल रहे।