खरगे के शुद्धिकरण को कांग्रेस बनाएगी बड़ा मुद्दा, देशभर में करेगी प्रदर्शन, राहुल पर एफआईआर से भड़की पार्टी
उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। कांग्रेस ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान करते हुए साफ कर दिया कि वह राहुल के खिलाफ दर्ज एफआईआर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को दलित सम्मान सामाजिक न्याय और संविधान के मुद्दे से जोड़कर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाएगी। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने भी शुद्धिकरण के मामले में शिकायत दर्ज कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर और कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को राजनीतिक कार्रवाई करार देते हुए कहा कि खरगे की रैली के बाद हुए जातिवादी शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खुले तौर पर उस व्यवहार का बचाव कर रही है, जिसे कांग्रेस घोर जातिवादी आचरण मानती है।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस तब तक चुप नहीं बैठेगी, जब तक खरगे के अपमान के असली दोषियों को सजा नहीं मिलती और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं होती। उन्होंने सोमवार शाम देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सड़कों पर उतरने की घोषणा की।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को मुद्दा बनाने के बजाय शुद्धिकरण की घटना को असली मुद्दा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ पहले ही देशभर में 40-50 मामले दर्ज हैं और एक और एफआईआर से कोई फर्क नहीं पड़ता।
खेड़ा ने सवाल उठाया कि शुद्धिकरण के खिलाफ आवाज उठाने वाले राहुल गांधी के खिलाफ तो तुरंत एफआईआर दर्ज कर दी गई, लेकिन जातिवादी शुद्धिकरण करने और करवाने वालों के खिलाफ अब तक कोई एफआईआर क्यों नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने संसद में खड़े होकर इस घटना का उल्लेख किया था। ऐसे में उत्तराखंड सरकार की जिम्मेदारी है कि वह मामले में एफआईआर दर्ज करे और जांच में सामने आए कि शुद्धिकरण किसने किया और क्यों किया।
कांग्रेस ने अब इस मामले को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रखने का फैसला किया है। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने खरगे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी की मांग है कि घटना की जांच हो और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर से पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ और दलित सम्मान व संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी।
पूरा विवाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आठ अगस्त को इसी मैदान में सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था। कांग्रेस के मुताबिक, इसके तीन दिन बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने वहां शुद्धिकरण यज्ञ किया।
कांग्रेस ने इसे खरगे के दलित होने से जोड़ते हुए बीजेपी की कथित दलित विरोधी मानसिकता बताया है। वहीं भाजपा ने इस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा है कि रैली के बाद मैदान में गंदगी फैली थी और धार्मिक स्थल के लिए अनुचित नारे लगाए गए थे।