स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन में दिल्ली पुलिस, बुलंदशहर से हिरासत में लिया,  पुलिस कर रही पूछताछ

निशु आजाद मामले में स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उस पर गाजियाबाद निवासी संजय कुमार पर हमला करने का आरोप है।

Sep 4, 2026 - 19:53
 0
स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन में दिल्ली पुलिस, बुलंदशहर से हिरासत में लिया,  पुलिस कर रही पूछताछ

नई दिल्ली। निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश स्थित बुलंदशहर से 4 सितंबर, शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को बुलंदशहर स्थित चोला थाने लेकर गई। यहां उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।

भारद्वाज द्वारा एक पॉडकास्ट में संजय कुमार पर हमले का जिक्र किया गया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता हरकत में आ गए। 
 
सीजेपी से आशुतोष रांका, सौरव दास, कांग्रेस की छात्र इकाई से विनोद जाखड़, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता दिल्ली स्थित संसद मार्ग थाने पहुंचे। सभी ने एक स्वर में भारद्वाज के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।

इन नेताओं की दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से करीब 2 घंटे तक बातचीत हुई। इसमें अंतिम निर्णय हुआ कि आरोपी पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होगा। वहीं संजय कुमार का मेडिकल दोबारा होगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या की कोशिश करने यानी अटेम्प्ट टू मर्डर का मामला दर्ज होगा। 

इसके साथ ही पुलिस ने यह भी कहा था कि आगामी 72 घंटों के भीतर भारद्वाज को गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, इस मामले में एक्शन के बीच सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि आखिरकार, दिल्ली पुलिस ने उस संघी गुंडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और कहा है कि उसे 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के सामने हुए हेट क्राइम के लिए एफआईआर दर्ज कराने में ही दो महीने और एक विरोध-प्रदर्शन का समय लग गया।

वहीं सौरव दास ने भी पुलिस को आज शाम तक का अल्टीमेटम दिया है। दास ने कहा है कि अगर पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की तो शाम को फिर से थाने का घेराव होगा। 

दरअसल, सीजेपी के आंदोलन के शुरुआती दौर में 23 जून को संजय कुमार को चोट आई थी। उनकी बेटी निशु आजाद का दावा है कि उनके पिता के साथ हुई इस घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। आजाद का यह भी आरोप है कि मामले में जानबूझकर हल्की धाराएं लगाई गईं। 

उधर, मामले के तूल पकड़ने के बाद भारद्वाज ने पत्रकारों से कहा कि उसने सेल्फ डिफेंस में संजय पर हमला किया था.अपनी शुरुआती सफाई में भारद्वाज ने न सिर्फ कपिल मिश्रा और चिराग पासवान का नाम लेने के सवाल पर कहा कि वह सिर्फ मजे के लिए कहा था, बल्कि यह भी कहा कि मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।