आक्रांता लाख कोशिशों के बावजूद भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति नहीं मिटा सके, जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी ने सनातन की शक्ति से विरोधियों को दिया करारा जवाब, ब्रज के लिए 1,051 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की धरती से विदेशी आक्रांताओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लाख कोशिशों के बावजूद आक्रांता मथुरा से भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियों को नहीं मिटा सके। यहां के मंदिरों को तोड़ा गया, धार्मिक स्थलों को नष्ट करने की कोशिश हुई, लेकिन आक्रांता न भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति मिटा सके और न ब्रज की भक्ति और सनातन परंपरा को रोक पाए। श्रीकृष्ण जी की यह भूमि आज भी उसी आस्था और चेतना के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखे हुए है।

Sep 3, 2026 - 19:55
Sep 3, 2026 - 19:56
 0
आक्रांता लाख कोशिशों के बावजूद भगवान श्रीकृष्ण की स्मृति नहीं मिटा सके, जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी ने सनातन की शक्ति से विरोधियों को दिया करारा जवाब, ब्रज के लिए 1,051 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए गुरुवार को मथुरा पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ब्रजवासियों को संबोधित करते हुए।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे हैं। इस दौरान उनका श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन के साथ वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में भी दर्शन का कार्यक्रम है।

मथुरा में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आक्रांताओं ने मंदिरों को नष्ट किया, लेकिन क्या वे श्रीकृष्ण की याद को मिटा पाए? क्या वे राधा रानी की याद को मिटा पाए? क्या जन्माष्टमी का उत्सव रुका? क्या वृंदावन में भक्ति रुकी? क्या बरसाना की होली रुकी? क्या गोवर्धन परिक्रमा रुकी? नहीं। उन्होंने कहा कि यही सनातन की निरंतरता और ब्रज की शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को अपनी विरासत और संस्कृति से जुड़कर आगे बढ़ना होगा। लंबे समय तक विकास को केवल सड़क, बिजली, पानी, भवन और उद्योग तक सीमित करके देखा गया, जबकि विरासत और सांस्कृतिक स्मृतियों की उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास सनातन की निरंतरता का इतिहास है, इसलिए अपनी जड़ों और विरासत से जुड़कर ही विकसित भारत का संकल्प पूरा किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि भारतीय आस्था और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने ब्रज की परंपराओं, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और यहां की जीवंत भक्ति संस्कृति को भारत की सनातन विरासत का हिस्सा बताया। उनका जोर इस बात पर रहा कि विरासत का संरक्षण केवल अतीत को बचाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना भी है।

1,051 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मथुरा दौरे के दौरान विविध कार्यक्रम में शामिल सीएम योगी आदित्यनाथ, जिसमें अन्नप्रासन के लिए लाए गये कान्हास्वरूप बालक दुलारते, लाभार्थी को चाबी सौंपते और महिलाओं द्वारा लगाये गये एक स्टाल का निरीक्षण करते सीएम योगी।

स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 540.60 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 437.64 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र के 7,060 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सपेरा समुदाय के 180 लाभार्थियों को 1.20 लाख रुपये की सहायता का वितरण किया।

लोकार्पित प्रमुख परियोजनाओं में यमुना एक्सप्रेस-वे से वृंदावन के पागल बाबा मंदिर तक 7.278 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग और यमुना पर दो लेन के पुल का 251.55 करोड़ रुपये की लागत वाला निर्माण शामिल है। इसके अलावा पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, नगर निगम के पेयजल, सीवर, प्रकाश और सौंदर्यीकरण के कार्य तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

शिलान्यास वाली प्रमुख परियोजनाओं में मथुरा-वृंदावन मार्ग से यमुना एक्सप्रेस-वे लिंक रोड के निकट पागल बाबा मंदिर तिराहे पर 44.30 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है। इसके साथ गोवर्धन, बरसाना, वृंदावन, छाता और मथुरा क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं, परिक्रमा मार्ग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सीसीटीवी, सड़क और अन्य अवस्थापना कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम की ओर से भी 146 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

संतों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

मथुरा दौरे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करते, संतों का सम्मान करते और पुस्तक का विमोचन करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ब्रज के 15 संतों को शॉल, माला, फलों की टोकरी और प्रसाद देकर सम्मानित किया। इनमें महंत विजय कौशल दास, फूलडोल दास देवाचार्य, सुतीक्ष्णदास, बलराम दास, रामदेवानंद, गोविन्द नंद तीर्थ, अनन्तवीर जी महाराज, सनत जी महाराज, स्वामी महेशानंद गिरि, किशोर दास देव जू, सुंदर दास, राम स्वरूप ब्रह्मचारी, लाडली शरण महाराज और हरिशंकर नागा शामिल रहे।

हनुमान प्रसाद धानुका स्कूल की 15 छात्राओं ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् प्रस्तुत किया। ‘कलर्स ऑफ कृष्णा’ के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस आराधना जौहरी की पुस्तक Echoes of Divinity का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह, सांसद हेमा मालिनी, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक श्रीकांत शर्मा, पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह और राजेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भुवन भूषण कमल तथा राष्ट्रीय लोक दल के प्रीतम सिंह सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अधिकारियों में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor