चुनावी साल में योगी सरकार ने खोला भर्तियों का पिटारा, अप्रैल से जून तक लगातार परीक्षाएं, लाखों युवाओं को रोजगार की बड़ी उम्मीद
-आरके सिंह- बरेली। यूपी में विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। राजनीतिक दल जहां बेरोजगारी को मुद्दा बनाकर युवाओं को साधने में जुटे हैं, वहीं सरकार ने भी भर्तियों का ऐसा पिटारा खोल दिया है जिसने प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों को एक बार फिर जगा दिया है। अप्रैल से जून तक ताबड़तोड़ परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया गया है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि चुनावी साल में रोजगार बड़ा हथियार बनने जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को तेज करते हुए लिखित परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी।
वहीं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा लेखपाल (मेन) परीक्षा 21 मई को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल लगभग 7,994 पदों को भरा जाएगा, जिसमें करीब 3.6 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में भी भर्तियों की रफ्तार तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता (पीजीटी) परीक्षा की तारीख 9 और 10 मई 2026 तय की है। यह परीक्षा राज्य के इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पदों पर भर्ती के लिए कराई जाएगी। इसके अलावा टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा 3 और 4 जून को प्रस्तावित है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, जो पहले 3 मई को प्रस्तावित थी, उसे स्थगित कर अब 7 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती के तहत लगभग 1516 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी अवसरों के द्वार खुले हैं। सहायक प्राचार्य/सहायक प्रोफेसर (राजकीय महाविद्यालय) की प्रारंभिक परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी, जिससे उच्च शिक्षा में करियर बनाने वाले युवाओं को बड़ा मौका मिलेगा।
सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस कांस्टेबल परीक्षा को लेकर है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 32,679 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस परीक्षा में प्रदेश भर से 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा विभिन्न शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।