भारत से टेस्ट के लिए इंग्लैंड महिला टीम का एलान,  नैट साइवर करेंगी कप्तानी,   लार्ड्स में होगा मुकाबला

लॉर्ड्स में 10 जुलाई से भारत के खिलाफ होने वाले टेस्ट के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय इंग्लिश टीम का एलान कर दिया है।

Jun 18, 2026 - 22:38
 0
भारत से टेस्ट के लिए इंग्लैंड महिला टीम का एलान,  नैट साइवर करेंगी कप्तानी,   लार्ड्स में होगा मुकाबला

लंदन। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (18 जून) को भारतीय महिला टीम के खिलाफ होने वाले इकलौते ऐतिहासिक टेस्ट के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच इकलौता टेस्ट 10 जुलाई से लंदन के लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जिसके लिए नैट सिवर-ब्रंट को इंग्लिश टीम का कप्तान बनाया गया है, जो पहली बार फॉर्मेट में टीम की कमान संभालेंगी। यह इंग्लिश महिला टीम का लॉर्ड्स के मैदान पर पहला टेस्ट होगा। 

लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में खेल चुकीं ऐलिस कैपसी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन और मैडी विलियर्स टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए अपना पहला मैच खेल सकती हैं, जबकि टीम की बाकी सदस्य ग्रेस पॉट्स और ऐली थ्रेलकेल्ड ने अभी तक अपने देश के लिए कोई मैच नहीं खेला है। लिहाजा मैच के जरिए 5 खिलाड़ियों का डेब्यू हो सकता है।

 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पिंडली में दोबारा चोट लगने के बावजूद, साइवर-ब्रंट को टीम की कप्तानी सौंपी गई है और वह अपना 13वां टेस्ट मैच खेलने जा रही हैं। टीम की सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली खिलाड़ी हीथर नाइट हैं, जो इस फॉर्मेट में अपना 15वां मुकाबला खेलेंगी। 

इंग्लैंड महिला क्रिकेट की मैनेजिंग डायरेक्टर क्लेयर कॉनर का मानना ​​है कि देश में महिला क्रिकेट के लिए यह एक रोमांचक समय है और जल्द ही इतिहास रचा जाने वाला है।

क्लेयर कॉनर ने कहा, "हमने नैट सिवर-ब्रंट की कप्तानी में एक मजबूत टेस्ट टीम चुनी है, जो लॉर्ड्स में महिला क्रिकेट के लिए कुछ और ऐतिहासिक दिनों की गवाह बनेगी। महिलाओं के खेल में टेस्ट क्रिकेट एक दुर्लभ और बेहद चुनौतीपूर्ण अनुभव है और मुझे पता है कि हमारी खिलाड़ियों को इस फॉर्मेट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने पर कितना गर्व है।

इंग्लिश टीम- नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माया बाउचियर, ऐलिस कैपसी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एमा लैंब, ग्रेस पॉट्स, एली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, इजी वोंग।