मासूम पर दरिंदगी की इंतहा! सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत, बच्चे को बार-बार जमीन पर पटकता दिखा आरोपी, शिकोहाबाद में मासूम की हत्या का वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी गुस्सा, उठाई फांसी की मांग
शिकोहाबाद। यादव कॉलोनी में मासूम बच्चे की निर्मम हत्या के मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। फुटेज में आरोपी की ऐसी क्रूरता दिखाई दे रही है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। मासूम बच्चे को पैर पकड़कर जमीन पर कपड़े की तरह पटकने और अचेत होने के बाद भी बार-बार सिर के बल जमीन पर मारने की घटना कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग तेज हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।

मासूम की पटक-पटक कर हत्या करने के बाद बालक के शव को देखता दरिंदा।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि आरोपी मासूम बच्चे को बेहद बेरहमी के साथ उठाकर जमीन पर पटक रहा है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बच्चे के अचेत हो जाने के बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा और वह उसे बार-बार उठाकर जमीन पर मारता रहा। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
वीडियो देखने वाले लोगों का कहना है कि किसी मासूम के साथ इतनी क्रूरता की कल्पना भी नहीं की जा सकती। लोगों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर बच्चे से ऐसी क्या दुश्मनी थी, जिसके चलते आरोपी ने इतनी निर्ममता का परिचय दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोपी के खिलाफ फांसी या उम्रकैद जैसी कड़ी सजा की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होगी, तभी भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की जघन्य घटना को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचेगा।
उधर पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई और जल्द ही उसकी घेराबंदी कर ली गई। पुलिस पर फायरिंग करने पर पुलिस की जवाबी फायरिंग में आारोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है और जांच के विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है।