बदायूं में पूड़ी-कचौड़ी खाने से एक ही परिवार के 15 लोग बीमार, तीन की हालत गंभीर, खुले सरसों के तेल से बने भोजन से फूड प्वाइजनिंग का शक, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए नमूने, जांच शुरू

-आरके सिंह- बदायूं। बेटी की विदाई की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब समारोह में परोसे गए भोजन को खाने के बाद एक ही परिवार के 15 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। आनन-फानन में सभी को बिसौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और भोजन में इस्तेमाल किए गए तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

Jun 14, 2026 - 23:55
 0

यह घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सर्वा की है। रविवार को परिवार में बेटी की विदाई का कार्यक्रम आयोजित था। समारोह के लिए घर में पूड़ी-कचौड़ी सहित अन्य व्यंजन तैयार किए गए थे। परिजनों के अनुसार भोजन बनाने में कस्बे से खरीदे गए खुले सरसों के तेल का उपयोग किया गया था।

भोजन करने के कुछ ही देर बाद परिवार के कई सदस्यों को अचानक उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर परिवार के 15 लोग बीमार पड़ गए। परिजन सभी को तत्काल बिसौली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार है, लेकिन तीन लोगों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी माताशंकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ कर भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। विभाग ने भोजन में प्रयुक्त खुले सरसों के तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि बीमारी का वास्तविक कारण प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और अस्पताल में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor