माली की राजधानी समेत कई शहरों में गोलीबारी, धमाके, अल-कायदा-इस्लामिक स्टेट पर संदेह, दहशत का आलम

माली की सेना का कहना है कि बंदूकधारियों ने माली की राजधानी बमाको और देश भर में कई जगहों पर हमला किया है। इसे एक सुनियोजित हमला माना जा रहा है, जिसमें कई समूह शामिल थे।

Apr 25, 2026 - 18:27
 0
माली की राजधानी समेत कई शहरों में गोलीबारी, धमाके, अल-कायदा-इस्लामिक स्टेट पर संदेह, दहशत का आलम

बमाको। अफ्रीकी देश माली की राजधानी बमाको में शनिवार को हमले हुए हैं। राजधानी के मोदिबो कीता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गोलीबारी की आवाजें सुनी गई हैं। यह एयरपोर्ट माली वायुसेना के एयर बेस के करीब है। राजधानी से सटे करे शहरों में शनिवार सुबह बंदूकधारियों ने हमला किए हैं। स्थानीय निवासियों और अधिकारियों ने कहा है कि यह एक संभावित सुनियोजित हमला था, जिसे एक समय पर कई जगह अंजाम दिया गया। अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट पर हमलों में शामिल होने का संदेह है। हालांकि अभी तक किसी गुट ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

माली की सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अज्ञात हथियारबंद आतंकी समूहों ने राजधानी में कुछ खास जगहों और बैरकों को निशाना बनाया है। सैनिक फिलहाल हमलावरों को रोकने में लगे हुए हैं। माली लगातार अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े गुटों के हमलों का सामना कर रहा है। सेना को उत्तर में अलगाववादी विद्रोह से जूझना पड़ रहा है।

बामाको में एसोसिएटेड प्रेस के एक पत्रकार ने मोडिबो कीटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारी हथियारों और ऑटोमैटिक राइफलों से गोलीबारी की आवाज सुनने की बात कही है। यह एयरपोर्ट शहर के केंद्र से 15 किलोमीटर (9 मील) दूर है। इसके आसपास के इलाकों के ऊपर हेलीकॉप्टर भी गश्त करते हुए देखे गए हैं।

माली और दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों ने गोलीबारी और धमाकों की सूचना दी। इससे संकेत मिलता है कि यह हथियारबंद समूहों का एक संभावित सुनियोजित हमला था। किदाल के एक पूर्व मेयर ने बताया कि बंदूकधारी पूर्वोत्तर शहर किदाल में घुस गए और कई इलाकों पर कब्जा कर लिया। इनकी सेना के साथ गोलीबारी हुई है।

धमाकों की तीव्रता से मेरे घर के दरवाजें और खिड़कियां हिल रही हैं। मैं डर के मारे कांप रहा हूं। ये गोलीबारी सेना के कैंप और एयरपोर्ट के पास हो रही है। ये एक-दूसरे से बिल्कुल सटे हुए हैं।
स्थानीय निवासी

माली के कई इलाकों में लड़ाई
अजावाद लिबरेशन फ्रंट के प्रवक्ता मोहम्मद एलमौलोद रमादान ने फेसबुक पर कहा कि उनकी सेनाओं ने किदाल और गाओ (पूर्वोत्तर शहर) के कई इलाकों पर कब्जा कर लिया है। गाओ के एक निवासी ने बताया कि शनिवार तड़के गोलीबारी और धमाके शुरू हो गए थे और सुबह देर तक उनकी आवाजें सुनी जा सकती थीं।

माली अपने पड़ोसी देशों नाइजर और बुर्किना फासो के साथ लंबे समय से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट गुट से जुड़े हथियारबंद गुटों से लड़ रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि हाल के दिनों में माली, नाइजर और बुर्किना फासो में सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब हो गई है। यहां हमलों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। इसमें आम लोग भी लगातार निशाना बन रहे हैं।