उत्तराखंड के पूर्व सीएम बीसी खंडूरी का निधन, लंबी बीमारी के बाद ली अंतिम सांस
उत्तराखंड की सियासत से बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। प्रदेश के पूर्व सीएम बीसी खंडूरी का निधन हो गया है।
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (रिटायर्ड) भुवन चंद्र खंडूड़ी का मंगलवार को देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने दो बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था। उनके निधन पर मौजूदा सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक जताते हुए उनके योगदान को याद किया। खंडूरी लंबे समय से बीमार थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था ।
भुवन चंद्र खंडूड़ी सेना से राजनीति में आए और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में दो बार यानी 2007- 2009 और 2011- 2012 प्रदेश की कमान संभाली। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ बेहद कड़े कदम उठाए और राज्य में एक पारदर्शी और अनुशासित प्रशासन की नींव रखी। मेजर जनरल (रिटायर्ड)भुवन चंद्र खंडूड़ी गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से 16वीं लोकसभा के सदस्य भी रहे थे। उन्होंने सेना से रिटायर होने के बाद राजनीति में कदम रखा था। उनकी बेटी ऋतु भूषण खंडूरी वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। श्री खंडूरी जी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।