बरेली में दो करोड़ की स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार: शाही पुलिस का बड़ा खुलासा, कार-नकदी-नेटवर्क पर कसा शिकंजा

बरेली की शाही थाना पुलिस ने 2 करोड़ की स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नकदी, कार और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि नेटवर्क की आगे जांच जारी है।

May 4, 2026 - 22:52
 0
बरेली में दो करोड़ की स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार: शाही पुलिस का बड़ा खुलासा, कार-नकदी-नेटवर्क पर कसा शिकंजा

-आरके सिंह-

बरेली। जिले के उत्तर प्रदेश पुलिस की शाही थाना टीम ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 किलो 113 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

अंशिका वर्मा (पुलिस अधीक्षक दक्षिणी) ने बताया कि रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को थाना शाही पुलिस ने ग्राम तुरसापट्टी तिराहा के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर कार्रवाई करते हुए शराफत (24 वर्ष), निवासी नई बस्ती, मोहल्ला बाबर नगर, कस्बा एवं थाना मीरगंज, जनपद बरेली सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार तस्करों के पास से 1 किलो 113 ग्राम स्मैक पाउडर के अलावा 03 किलो BENTONITE पाउडर (मिलावट के लिए प्रयुक्त), 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक नोट गिनने की मशीन, 05 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार (संख्या UP25EM7452) बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह स्मैक में मिलावट कर उसे बड़े स्तर पर सप्लाई करने की तैयारी में था। बरामद BENTONITE पाउडर इस बात का संकेत है कि तस्कर नशे की मात्रा बढ़ाकर अधिक मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे।

इस मामले में थाना शाही में NDPS Act की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ पहले से ही बरेली और दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जिससे यह साफ होता है कि यह गिरोह लंबे समय से नशा तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय था।

अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor