जमानत के बाद जेल से तो बाहर आ गये, लेकिन डर के मारे घर नहीं लौट पा रहा परिवार, मथुरा के नरी गांव के लोगों ने प्रशासन से मांगी सुरक्षा

मथुरा। हत्या जैसे गंभीर मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए लोगों के सामने अब एक नई और बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति खड़ी हो गई है। सलाखों से बाहर आने के बाद जहां एक ओर अपने घर और परिवार के बीच लौटने की तीव्र इच्छा है, वहीं दूसरी ओर समाज में व्याप्त आक्रोश और पुरानी रंजिशों का डर उनके कदम रोक रहा है। सुरक्षा की मांग को लेकर ये लोग अब प्रशासन की शरण में पहुंचे हैं।

May 2, 2026 - 18:37
 0
जमानत के बाद जेल से तो बाहर आ गये, लेकिन डर के मारे घर नहीं लौट पा रहा परिवार, मथुरा के नरी गांव के लोगों ने प्रशासन से मांगी सुरक्षा
वह परिवार जो अपने घर वापस लौटने के लिए प्रशासन से सुरक्षा मांग रहा है।

छाता तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान गांव नरी के रहने वाले प्रार्थी अधिकारियों के सामने पेश हुए और अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि जेल से छूटने के बाद उनके लिए घर वापसी आसान नहीं है, क्योंकि उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है।

घर जाना चाहते हैं, लेकिन डर पीछा नहीं छोड़ रहा

प्रार्थियों का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जीना चाहते हैं, लेकिन गांव में मौजूद विरोधी पक्ष और पुरानी दुश्मनी के चलते उन्हें किसी भी अनहोनी का भय सता रहा है। इसी डर के चलते वे अभी तक अपने घर नहीं लौट पाए हैं।

देवेंद्र और परिवार की पीड़ा- पिछले 10 महीने से बिखरा हुआ है जीवन

प्रार्थी देवेंद्र और उनकी मां ने बताया कि बीते करीब 10 महीनों से पूरा परिवार रिश्तेदारों के यहां शरण लेकर जीवन यापन कर रहा है। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि घर लौटने की तीव्र इच्छा है, लेकिन सुरक्षा के बिना यह संभव नहीं है।

समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों ने पीड़ितों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर जल्द ही सुरक्षित घर वापसी कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor