दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश, पानी-पानी हुआ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, यात्री परेशान
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों में भी जलभराव हो गया है।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दोपहर बाद शुरू हुई बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर जलभराव हो गया। इस दौरान यात्री परेशान दिखे। एनसीआर में सुबह से ही काले बादलों की आवाजाही जारी थी। इस बीच दिल्ली में मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने एनसीआर में आज बारिश का अनुमान जताया था।
एयरपोर्ट पर पानी ऐसा भरा कि के आगमन के हिस्से को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। जो यात्री निकल भी रहे थे तो उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। यहां पर पहुंचे यात्री हों या काम करने वाले लोगों ने कहा कि कई साल बाद इस तरीके के हालात हैं।
मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। बारिश के बाद शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है। इस बीच सुब्रतो पार्क के पास जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
वहीं गुरुग्राम में भी झमाझम बारिश देखने को मिली है। गुरुग्राम में सुबह से काले बादल छाए हुए थे। इस बीच बारिश ने फिर से दस्तक दे दी है। बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया है। हर बार की तरह इस बार भी गुरुग्राम में जलभराव और गड्ढों से लोगों की आफत बढ़ गई है। जगह-जगह पानी भरने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने बैठक कर दावे किए थे कि जल भराव नहीं होगा, लेकिन फिर दावे फेल होते हुए दिख रहे हैं।
इसके अलावा दिल्ली के नर्मदा अपार्टमेंट में भी पानी भर गया है। भारी जलभराव के बीच वाहनों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जैसे-जैसे दिल्ली में बारिश बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे सड़कों पर जलभराव की बदतर स्थिति उतपन्न होती दिख रही है। नागरिकों को पैदल सड़क पार करने में भी काफी परेशानी हो रही है।