पश्चिम बंगाल में ताबड़तोड़ वोटिंग, शाम 5 बजे तक 88.99 फीसदी मतदान,  ममता बोलीं- हम जीत रहे हैं चुनाव

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में शाम पांच बजे तक 88.99 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान का समय खत्म होने के बावजूद जो लोग मतदान केंद्रों पर हैं, उन्हें वोट डालने की इजाजत है।  राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर चुके हैं। नतीजा चार मई को आएगा।  चुनाव आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। 

Apr 29, 2026 - 18:31
 0
पश्चिम बंगाल में ताबड़तोड़ वोटिंग, शाम 5 बजे तक 88.99 फीसदी मतदान,  ममता बोलीं- हम जीत रहे हैं चुनाव

कैनिंग पूर्वा विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार असीम ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान एक बूथ पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि जब इस जानकारी पर चीफ इलेक्शन एजेंट मौके पर पहुंचे, तो टीएमसी के गुंडों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
शाम पांच बजे तक  हुगली में 90.34%, हावड़ा में 89.44%, कोलकाता नॉर्थ में 87.77% और कोलकाता साउथ में 86.11% मतदान हुआ। वहीं नादिया में 90.28%, नॉर्थ 24 परगना में 89.74%, पूर्व बर्धमान में सबसे ज्यादा 92.46% और साउथ 24 परगना में 89.57% वोटिंग दर्ज की गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर में 85.51% मतदान हुआ।

पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा ने कहा, "बहुत अच्छे से मतदान हो रहा है। मतदाताओं में उत्साह था। मेरे विधानसभा क्षेत्र में विरोधी पक्ष के उम्मीदवार और उनके एजेंट यहां हंगामा कर रहे हैं, विभिन्न बूथों पर जाकर वे ऐसा माहौल कर रहे हैं जिससे मतदान धीमा हो। जो लोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बात करते हैं वे खुद नहीं चाहते कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हो। वे चाहते हैं कि कोई गड़बड़ी हो, हम इन सबसे दूर रहे हैं। ममता बनर्जी जीतेंगी, लोगों का प्यार, आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने काम किया है। ये सब बुलडोज़ करके वे बंगाल को नहीं जीत सकते। हम पहले से कह रहे थे कि भाजपा नेताओं के भाषणों में जो संयम होना चाहिए ता वह नहीं है। अगर आप स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं तो वैसा ही बयान दें। इतने बाहर के लोग यहां क्या कर रहे हैं? बाहर के लोग भाजपा ला रही है, वे नहीं चाहते कि निष्पक्ष रूप से मतदान हो।"

भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "सीआरपीएफ इस तरह लोगों को परेशान नहीं कर सकती। यहां राज्य पुलिस नहीं है। इन्हें सीमा की रक्षा करनी चाहिए लेकिन इसकी जगह वे एक राजनीतिक दल की रक्षा कर रहे हैं। मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं और इस बार इतना अत्याचार हो रहा है। इन्होंने महिलाओं, बच्चों को मारा। राणाघाट, कल्याणी, आरामबाग़, घोघाट, कैनिंग, इन सभी जगहों पर इन्होंने एजेंट को बाहर कर दिया. क्या यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है? पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह चुनाव टीएमसी जीत रही है।