हैदराबाद ने दी 202 रन की चुनौती, बंगलुरू का दो विकेट पर 110 रन
बंगलुरू। आईपीएल 2026 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 201/9 रन बोर्ड पर लगाए। आरसीबी को जीत के लिए 202 रन की चुनौती मिली है।
हालांकि आरसीबी की टीम ने शुरुआत बेहतरीन की। समाचार लिखे जाने रात 10.30 बजे तक आरसीबी के देवदत्त पडिक्कल 44 गेंद में 101 रनों की साझेदारी कर आउट हो गए। वह 26 गेंद में 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 8.4 ओवर में 110 के स्कोर पर आरसीबी का दूसरा विकेट गिरा।
8 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 99 रन था। देवदत्त पडिक्कल ने सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। विराट कोहली भी 18 गेंद में 29 रनों पर हैं।
एसआरएच की टीम ने 201 का टोटल तब बनाया जब सिर्फ 29 रन के स्कोर पर 3 विकेट गिर गए थे। कप्तान ईशान किशन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 38 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। वहीं नंबर सात पर उतरे अनिकेत वर्मा ने फिनिशिंग टच देते हुए 18 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 43 रन स्कोर किए। इस दौरान आरसीबी के लिए जैकब डफी और रोमारिया शेफर्ड ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट चटकाए।
मुकाबले में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु ने 5वें ओवर की दूसरी गेंद तक सिर्फ 29 रन पर 3 विकेट गिरा लिए थे। यहां तक बेंगलुरु का पहले गेंदबाजी करने का फैसला काफी सही दिखा, लेकिन फिर चौथे विकेट के लिए ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने 97 (53 गेंद) रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छे टोटल तक पहुंचाने का रास्ता दिखाया। इस दौरान क्लासेन ने 22 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 31 रन स्कोर किए।
पिछले सीजन हैदराबाद का बहुत कुछ ओपनिंग जोड़ी पर निर्भर रहा था। अगर ओपनिंग पर उतरने वाले अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड रन बनाते थे, तो टीम अच्छे और बड़े टोटल तक पहुंचती थी. लेकिन 2026 सीजन के पहले मुकाबले में टीम के ओपनिंग बल्लेबाज बिल्कुल फ्लॉप दिखे। इसके बावजूद टीम ने अच्छा टोटल बनाया। ओपनिंग पर आने वाले अभिषेक शर्मा ने 11 रन और ट्रेविस हेड ने सिर्फ 07 रन बनाए।