लंदन में भारत ने पाकिस्तान को पटका, रोमांचक मुकाबले में 4-3 से मारी बाजी, 10 साल का दबदबा कायम

भारतीय हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को 4-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड भी कायम रखा।

Jun 23, 2026 - 22:42
 0
लंदन में भारत ने पाकिस्तान को पटका, रोमांचक मुकाबले में 4-3 से मारी बाजी, 10 साल का दबदबा कायम

लंदन। भारतीय हॉकी टीम ने मंगलवार (23 जून) को एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर 10 साल का दबदबा कायम रखा। पिछले 10 सालों में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई भी हॉकी मैच नहीं गंवाया है। लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले में 0-1 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने दमदार वापसी की। पहले क्वार्टर में पाकिस्तान की तरफ से नदीम अहमद ने 8वें मिनट पर गोल दागा। पहला क्वार्टर खत्म होने पर पाकिस्तान के पास 1-0 की बढ़त थी।

फिर दूसरे क्वार्टर में भारत की तरफ से शानदार वापसी देखने को मिली। 22वें मिनट पर अभिषेक ने भारत के लिए पहला गोल किया। सिर्फ 2 मिनट बाद पेनाल्ट कॉर्नर के तहत निलिकांत शर्मा ने गोल करके टीम इंडिया को 2-1 की बढ़त पर पहुंचा दिया। पहला हाफ समाप्त होने के बाद भारत 2-1 से आगे रहा। 

तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने भारत के लिए तीसरा गोल किया। यह गोल 40वें मिनट पर हुआ। पहले क्वार्टर में गोल करने के बाद पाकिस्तान की तरफ से अगले दोनों क्वॉर्टर में कोई गोल नहीं हुआ। 

असल रोमांच चौथे क्वार्टर में देखने को मिला, जहां पाकिस्तान की तरफ से 2 गोल देखने को मिले और भारत ने एक गोल किया। 52वें मिनट पर भारत के लिए राजिंदर सिंह ने गोल किया और बढ़त को 3-1 पर पहुंचा दिया लेकिन इसके अगले ही मिनट पाकिस्तान की तरफ से गोल देखने को मिला। 

पाक के लिए अबू महमूद ने 53वें मिनट पर दूसरा गोल दागा और स्कोर 4-2 पर ला दिया। फिर खेल के अंतिम यानी 60वें मिनट पर पेनाल्टी कॉर्नर के तहत पाकिस्तान के लिए शकील मोईन ने तीसरा गोल किया। इस तरह फुल टाइम तक स्कोर 4-3 रहा और भारत ने रोमांचक जीत अपने नाम की। 

 यह 2024 एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी में हुए मुकाबले के बाद भारत और पाकिस्तान का दूसरा मैच था। 2 साल पहले हुए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया था। इस दफा टीम इंडिया ने पाक को 4-3 के स्कोर से रौंदा।