यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्यता,  फिनलैंड का समर्थन,  अलेक्जेंडर स्टब बोले- यह बहुत महत्वपूर्ण

फिनलैंड ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता को बहुत ही महत्वपूर्ण बताया है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने पीएम मोदी की मौजूदगी में कहा कि बदलते जियोपॉलिटिक्स में भारत की भूमिका अहम रहेगी।

Mar 5, 2026 - 19:00
 0
यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्यता,  फिनलैंड का समर्थन,  अलेक्जेंडर स्टब बोले- यह बहुत महत्वपूर्ण

नई दिल्ली। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत की स्थायी सदस्यता का जोरदार समर्थन करते हुए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि वैश्विक बदलाव और जियोपॉलिटिक्स में आज की वास्तविकता को देखते हुए ऐसे बहुराष्ट्रीय व्यवस्थाओं में सुधारों की बहुत ही ज्यादा जरूरत आ चुकी है। फिनलैंड के राष्ट्रपति ने गुरुवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यह बात कही है।

फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब का कहना है कि दुनिया में बहुत ज्यादा बदलाव देखने को मिल रहा है; और इसे आकार देने में ग्लोबल साउथ के देश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुसार, 'दुनिया बदल रही है। ग्लोबल ऑर्डर में हम बदलाव की दौर से गुजर रहे हैं और ग्लोबल साउथ में अपने मित्रों के साथ मिलकर भारत यह ऑर्डर किस दिशा में जाएगा, यह तय करेगा।'

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के साथ बातचीत में उनकी पश्चिम एशिया और यूरोप में जारी संघर्षों को लेकर भी चर्चा हुई और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर भी बात की गई। उनके मुताबिक, 'आज हमने क्षेत्र की सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की। हम दोनों क्षेत्रों पश्चिम एशिया और बेशक यूक्रेन में भी संघर्ष देख रहे हैं। और हमारे लिए रूस की आक्रामक जंग काफी लंबी चली है, चार साल।'

वे बोले कि 'हम इस बात पर सहमत हुए कि युद्ध की समाप्ति सभी के हित में है। स्थायी शांति वही है, जो संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों का सम्मान करे।' इस दौरान उन्होंने रायसीना डायलॉग 2026 में संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्था में बदलाव का मुद्दा उठाने का संकल्प जताया।

उन्होंने कहा कि रायसीना में आज अपने संबोधन में मैं एक बार फिर से मल्टीलैटेरल सिस्टम में बदलाव की मांग करूंगा, जिसमें श्रम और शक्ति में आज का विश्व नजर आए। और इसी वजह से मुझे लगता है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए एक सीट अत्यंत महत्वपूर्ण है।

हाल ही में चीन ने भी यूएनएससी में भारत को शामिल किए जाने को लेकर सकारात्मक रवैया दिखाया है। जबकि, पहले यह सबसे बड़ा रुकावट बना रहा है। चीन ने कहा है कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत सदस्यता की आकांक्षा को समझता और उसका सम्मान करता है।