बरेली में रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया कानूनगो: जमीन की नाप के लिए मांगे थे दस हजार रुपये, एंटी करप्शन का एक्शन

Apr 29, 2026 - 22:09
Apr 29, 2026 - 22:11
 0
बरेली में रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया कानूनगो: जमीन की नाप के लिए मांगे थे दस हजार रुपये, एंटी करप्शन का एक्शन
एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला।

-आरके सिंह-

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने फरीदपुर तहसील में तैनात चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बुधवार को रेलवे स्टेशन बिलपुर के पास फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के निकट की गई, जहां आरोपी रिश्वत की रकम लेते ही जाल में फंस गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी कानूनगो को मौके पर ही रिश्वत में लिये गये 10,000 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पूरा मामला फरीदपुर तहसील के ग्राम खजुरिया निवासी शिकायतकर्ता राजीव की शिकायत से जुड़ा है। राजीव ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन की नाप-तौल करने के एवज में कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।

निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के बीच भय का माहौल बन गया है।

गिरफ्तार आरोपी कमल सुधीर शुक्ला मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor