खाकी का पावर कपल: यूपी के दो आईपीएस 29 मार्च को लेंगे सात फेरे, संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई और बरेली की एसपी अंशिका वर्मा बनने जा रहे जीवनसाथी, बाड़मेर में गूंजेगी शहनाई
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक सुखद और चर्चित खबर सामने आई है। यूपी कैडर के दो युवा और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी- संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली के एसपी साउथ अंशिका वर्मा—आगामी 29 मार्च 2026 को विवाह के पवित्र बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों का विवाह समारोह राजस्थान के बाड़मेर में आयोजित होगा। 30 मार्च को रिसेप्शन होगा। इस खबर के सामने आते ही पुलिस विभाग, प्रशासनिक हलकों और उनके परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई है और दोनों अधिकारियों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
दो राज्यों का रिश्ता, बाड़मेर में होगा भव्य विवाह
जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी हैं, जबकि अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। दोनों अधिकारी इस समय उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और अपनी कार्यशैली के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।
अंशिका वर्मा के मुताबिक दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ है। विवाह समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और बाड़मेर में आयोजित होने वाले इस समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासनिक सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रह सकते हैं।
सख्त पुलिसिंग के लिए पहचानी जाती हैं अंशिका वर्मा
एसपी साउथ बरेली अंशिका वर्मा अपने तेजतर्रार और प्रभावी पुलिसिंग अंदाज के लिए जानी जाती हैं। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर उनके फैसले अक्सर चर्चा में रहते हैं।
अंशिका वर्मा 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल की थी। नोएडा के गलगोटिया कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा का रास्ता चुना। पहले प्रयास में सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और बिना किसी कोचिंग के दूसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर एक मिसाल कायम की।
‘सिंघम’ छवि वाले अधिकारी हैं कृष्ण कुमार बिश्नोई
दूसरी ओर कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के यूपी कैडर आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में संभल के पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात हैं। उन्होंने 2017 में यूपीएससी परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल की थी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बेबाक प्रशासनिक फैसलों के कारण उन्हें यूपी पुलिस का ‘सिंघम’ भी कहा जाता है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ‘पुलिस मंथन-2025’ सम्मेलन में बेस्ट पुलिस अवार्ड से सम्मानित किया था। श्री विश्नोई ने बताया कि 29 मार्च को शादी होगी और 30 मार्च को रिसेप्शन होगा।
पुलिस महकमे में उत्साह, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार
दोनों अधिकारियों के विवाह की खबर सामने आते ही पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक, सहयोगी और शुभचिंतक उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।
खाकी वर्दी के इन दो सशक्त और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों की जोड़ी को लेकर पुलिस महकमे में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।