केआरएस टी20 क्रिकेट चैंपियनशिपः नगर निगम और आगरा पुलिस वॉरियर्स की जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह

आगरा। ऐतिहासिक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सी न्यूज़ की केआरएस टी20 क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-2 में शनिवार को खेले गए अंतिम लीग मुकाबलों में नगर निगम और आगरा पुलिस वॉरियर्स की टीमों ने शानदार और एकतरफा जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जहां नगर निगम ने इनकम टैक्स सुपरस्टार्स को 25 रन से हराया, वहीं आगरा पुलिस वॉरियर्स ने जीएसटी रॉयल्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। अब दूसरा सेमीफाइनल नगर निगम और आगरा पुलिस वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा, जबकि रविवार को पहला सेमीफाइनल आगरा एडमिन और सीएमओ 11 के बीच होगा।

Mar 14, 2026 - 22:35
 0
केआरएस टी20 क्रिकेट चैंपियनशिपः नगर निगम और आगरा पुलिस वॉरियर्स की जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह
नगर निगम के हरफनमौला खिलाड़ी जावेद शमीम मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ग्रहण करते हुए।

जावेद शमीम की धमाकेदार पारी से नगर निगम को जीत

सेकंड सैटरडे के दिन खेले गए पहले मुकाबले में आईटी सुपरस्टार्स के कप्तान शैलेश कुमार सिंह ने टॉस जीतकर नगर निगम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।

नगर निगम की ओर से सलामी बल्लेबाज जावेद शमीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें शुरुआत में मिले जीवनदान का उन्होंने पूरा फायदा उठाया।

अंतिम ओवरों में संदीप मावी ने भी जोरदार बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 41 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अमित शर्मा ने 24 गेंदों में 32 रन और राज ने 12 गेंदों में 10 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत नगर निगम की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

आईटी सुपरस्टार्स की ओर से नीतिश जयसवाल ने 4 ओवर में 27 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि देव मीणा और अजीत सिंह को भी एक-एक सफलता मिली।

आईटी सुपरस्टार्स की कोशिश नाकाम

186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटी सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी रही। रवि चतुर्वेदी और दीपक पचोरी ने पावरप्ले में 47 रन जोड़े।

रवि चतुर्वेदी ने 22 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्हें जावेद शमीम ने आउट कर पहली सफलता दिलाई। दीपक पचोरी 22 गेंदों में 23 रन बनाकर राहुल नरवार की गेंद पर जितेंद्र गौतम को कैच दे बैठे। इसके बाद अजीत सिंह सिकरवार ने 21 गेंदों में 28 रन और मुकेश मीणा ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए। नीतिश जयसवाल ने भी 14 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आईटी सुपरस्टार्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी और मुकाबला 25 रन से हार गई।

नगर निगम की ओर से गेंदबाजी में हरीश बिष्ट ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। राहुल नरवार ने 3 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट झटके। जावेद शमीम को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आगरा पुलिस वॉरियर्स ने जीएसटी रॉयल्स को रौंदा

दिन के दूसरे मुकाबले में जीएसटी रॉयल्स के कप्तान और डिप्टी कमिश्नर सीजीएसटी अखंड प्रताप सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही।

आगरा पुलिस वॉरियर्स के तेज गेंदबाज दीपक कुमार ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर जीएसटी को बैकफुट पर धकेल दिया। शुरुआती झटकों के बाद राजीव त्यागी और कमल के बीच 25 रन की साझेदारी हुई। बाद में कमल और कप्तान अखंड प्रताप सिंह ने 37 रन जोड़कर टीम का स्कोर 85 तक पहुंचाया। इसके बावजूद जीएसटी रॉयल्स की पूरी टीम 115 रन पर ऑल आउट हो गई।

पुलिस वॉरियर्स की ओर से दीपक कुमार ने 1.1 ओवर में मात्र 1 रन देकर 4 विकेट झटके। योगेश मलान ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट और आईपीएस अधिकारी अभय डागा ने 4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया।

शैलेश पांडे और अली अब्बास की शानदार बल्लेबाजी

आईजी शैलेश पांडे मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ग्रहण करते हुए।

116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा पुलिस वॉरियर्स की टीम के सलामी बल्लेबाज डीआईजी शैलेश पांडे और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट गंवाए ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

शैलेश पांडे ने 42 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 64 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि अली अब्बास ने 49 गेंदों में 44 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। पुलिस वॉरियर्स ने 14.3 ओवर में ही 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया। शानदार अर्धशतक के लिए डीआईजी शैलेश पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

रविवार को होगा पहला सेमीफाइनल

टूर्नामेंट में रविवार को सुबह 9 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहला सेमीफाइनल आगरा एडमिन और सीएमओ 11 के बीच खेला जाएगा।
इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सी न्यूज़ के यूट्यूब चैनल पर की जाएगी।

डबल हेडर मुकाबलों में दीपक कौशिक, अतुल सोलंकी और हरेंद्र शर्मा ने अंपायरिंग की, जबकि विवेक ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली।

कमेंट्री की भूमिका विजय बघेल, चक्रेश जैन और विनोद जूनियर ने निभाई। मैच देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में जूनियर खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी पहुंचे।

इस अवसर पर फ्रीलांसर न्यूज़ एंकर आयुषी गौड़, बीसीसीआई टीम के कैमरामैन मनीष यादव, आगरा के वरिष्ठ क्रिकेट प्रेमी बलदेव भटनागर और विख्यात क्रिकेटर राजेंद्र जलाल नेगी भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor