आइए, वृंदावन को फिर से दिव्य बनाएं: 11 किमी परिक्रमा मार्ग पर कल संत, प्रशासन और हजारों हाथ मिलकर लिखेंगे स्वच्छ ब्रज का नया इतिहास

19, जुलाई रविवार को वृंदावन के 11 किलोमीटर परिक्रमा मार्ग पर संत समाज, प्रशासन, पुलिस, हार्टफुलनेस, उज्ज्वल ब्रज और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से ऐतिहासिक स्वच्छता महाअभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनजागरण और श्रमदान दोनों पर विशेष जोर रहेगा।

Jul 18, 2026 - 13:52
 0
आइए, वृंदावन को फिर से दिव्य बनाएं: 11 किमी परिक्रमा मार्ग पर कल संत, प्रशासन और हजारों हाथ मिलकर लिखेंगे स्वच्छ ब्रज का नया इतिहास

वृंदावन। "हम सब ने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" के संकल्प के साथ रविवार, 19 जुलाई को वृंदावन के 11 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर अभूतपूर्व स्वच्छता महाअभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक होने वाले इस विशेष अभियान में पहली बार संत समाज, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, हार्टफुलनेस फाउंडेशन, उज्ज्वल ब्रज संस्था, नगर निगम के सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एक साथ श्रमदान करेंगे। उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छ ब्रज को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

इस महाअभियान के दौरान परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारी की देखरेख में सफाई अभियान संचालित होगा। उज्ज्वल ब्रज संस्था की लगभग 15 सदस्यीय टीम प्रत्येक सेक्टर में सफाई कार्य करेगी, जबकि हार्टफुलनेस फाउंडेशन के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों को स्वच्छता संबंधी जागरूकता पत्रक वितरित करेंगे। पत्रकों के माध्यम से गीले और सूखे कचरे के पृथक निस्तारण, कचरा प्रबंधन और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के उपाय बताए जाएंगे।

इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि वृंदावन का संत समाज स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई करेगा और अपने अनुयायियों तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश देगा। आयोजकों का मानना है कि जब संत स्वयं श्रमदान करेंगे तो समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा और अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे।

11 सेक्टरों में ऐसे चलेगा स्वच्छता अभियान

प्रथम सेक्टर: अटल्ला चुंगी से साक्षी आश्रम तक एडीएम (प्रशासन) डॉ. अमरीश कुमार मौर्य के नेतृत्व में अभियान चलेगा। उनके साथ नगर निगम के सफाईकर्मी तथा उज्ज्वल ब्रज की 15 सदस्यीय टीम रहेगी।

द्वितीय सेक्टर: साक्षी आश्रम से धानुका आश्रम तक एडीएम (वित्त) पंकज कुमार वर्मा नेतृत्व करेंगे।

तृतीय सेक्टर: धानुका आश्रम से इस्कॉन गौशाला तक डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडेय की देखरेख में सफाई होगी। उनके साथ जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल तथा उज्ज्वल ब्रज के सदस्य मौजूद रहेंगे।

चतुर्थ सेक्टर: इस्कॉन गौशाला से जादौन पार्किंग तक जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में अभियान चलेगा। उनके साथ उज्ज्वल ब्रज के सदस्य सुरेश कौशिक रहेंगे।

पंचम सेक्टर: जादौन पार्किंग से गंगा मोहन कचहरी तक एसपी सिटी राजेश कुमार तथा उज्ज्वल ब्रज के सदस्य कृष्णकांत बेनीवाल अभियान का संचालन करेंगे।

षष्ठम सेक्टर: गंगा मोहन कचहरी से केशी घाट तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के नेतृत्व में सफाई अभियान चलेगा। उनके साथ केडी मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष एवं उज्ज्वल ब्रज के सदस्य रामकिशोर अग्रवाल मौजूद रहेंगे।

सप्तम सेक्टर: केशी घाट से जगन्नाथ घाट तक आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की उपस्थिति में अभियान संचालित होगा। उनके साथ कल्याणं करोति के महासचिव एवं उज्ज्वल ब्रज के सदस्य सुनील शर्मा रहेंगे।

अष्टम सेक्टर: जगन्नाथ घाट से उमा शक्ति पीठ तक उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की उपस्थिति में सफाई होगी। उनके साथ उज्ज्वल ब्रज के सदस्य पवन चतुर्वेदी रहेंगे।

नवम सेक्टर: उमा शक्ति पीठ से जानकी गार्डन तक सीओ सदर वरुण मिश्रा के नेतृत्व में अभियान संचालित होगा।

दशम सेक्टर: जानकी गार्डन से कैला देवी तक अपर नगर मजिस्ट्रेट राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में सफाई अभियान चलेगा। उनके साथ उज्ज्वल ब्रज की 15 सदस्यीय टीम रहेगी।

एकादश सेक्टर: कैला देवी से अटल्ला चुंगी तक कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार के नेतृत्व में उज्ज्वल ब्रज की टीम सफाई कार्य करेगी।

संत समाज ने लिया स्वच्छ ब्रज का संकल्प

इस अभियान की रूपरेखा गुरुवार को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में आयोजित बैठक में तैयार की गई थी। बैठक में वृंदावन के प्रमुख संतों ने एक स्वर में कहा कि स्वच्छ ब्रज ही दिव्य और भव्य ब्रज की पहचान है। उन्होंने स्वयं श्रमदान कर समाज को प्रेरित करने तथा स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने ब्रजवासियों, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और पवित्र बनाने में अपना योगदान दें।

SP_Singh AURGURU Editor