जबलपुर के बरगी डैम में बड़ा हादसा, 31 लोगों से भरा क्रूज डूबा,  4 शव बरामद, 12 की अभी भी तलाश

जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जबलपुर के बरगी बांध में एक क्रूज पलटने से चार लोगों की मौत हो गई। 15 लोगों को बचा लिया गया है।

Apr 30, 2026 - 21:35
 0
जबलपुर के बरगी डैम में बड़ा हादसा, 31 लोगों से भरा क्रूज डूबा,  4 शव बरामद, 12 की अभी भी तलाश

जबलपुर। जबलपुर में गुरुवार को हादसा हो गया, जहां अचानक चले आंधी तूफान के चलते नर्मदा बरगी डैम में चलने वाला क्रूज डूब गया। इसमें करीब 31 लोग सवार थे। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं 12 लोगों की तलाश की जा रही है।

जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बरगी बांध में एक क्रूज़ के पलटने से चार लोगों की मौत हो गई। 15 लोगों को बचा लिया गया है और 12 अन्य लोगों के लिए तलाशी अभियान जारी है। तलाशी और बचाव अभियान चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक आंधी तूफान के चलते ये हादसा हुआ है। शाम के वक्त अचानक चली तेज आंधी के चलते पानी में डगमगाकर ये क्रूज डूब गया। मध्य प्रदेश पर्यटन निगम यानी द्वारा ये क्रूज संचालित किया जाता है।

वहीं इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें।

उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं। प्रशासन को मजिस्ट्रेट जांच का आदेश देना चाहिए और क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।