पाक का बड़ा फैसला,  भारतीय विमानों के लिए  बढाया बैन,  27 नवंबर तक एयरस्पेस से नहीं भर सकेगा उड़ान

पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र का उपयोग करने वाली भारतीय उड़ानों पर प्रतिबंध को 27 नवंबर, 2026 तक बढ़ा दिया है। इसका अर्थ है कि भारतीय विमानों को पिछली समय सीमा से आगे एक और महीने तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध 27 नवंबर को सुबह 5 बजे पाकिस्तानी मानक समय तक प्रभावी रहेगा।

Oct 18, 2026 - 19:36
 0
पाक का बड़ा फैसला,  भारतीय विमानों के लिए  बढाया बैन,  27 नवंबर तक एयरस्पेस से नहीं भर सकेगा उड़ान


इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने भारत में पंजीकृत और भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर लगी रोक एक महीने के लिए और बढ़ा दी है। देश के हवाई अड्डा प्राधिकरण के अनुसार, यह रोक अब 24 नवंबर तक लागू रहेगी। यह प्रतिबंध पहली बार 23 अप्रैल, 2025 को लगाया गया था। इसके बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच, समय-समय पर इसे बढ़ाया जाता रहा है। भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।

पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण (पीएए) ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए प्रतिबंध बढ़ाने की घोषणा की। प्राधिकरण ने कहा कि यह रोक सैन्य उड़ानों पर भी लागू होगी। प्राधिकरण के अनुसार, प्रतिबंध अब 24 नवंबर, 2026 को स्थानीय समय के अनुसार तड़के 4:59 बजे तक लागू रहेगा। अप्रैल 2025 में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए थे।

भारत ने इस हमले में पाकिस्तान की भूमिका होने का आरोप लगाया था, जबकि इस्लामाबाद ने इस आरोप से इनकार किया था। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव काफी बढ़ गया था। पाकिस्तान के कदम के जवाब में भारत ने 30 अप्रैल, 2025 को पाकिस्तानी विमानन कंपनियों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। पीएए की घोषणा में नवीनतम विस्तार के कारणों के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई और न ही यह बताया गया कि नई समय सीमा से पहले प्रतिबंधों की समीक्षा की जा सकती है या नहीं।

भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों का असर दोनों देशों के विमानन क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर काफी गहरा पड़ा है। पाकिस्तान के प्रतिबंधों के कारण यूरोप, मध्य-पूर्व और उत्तरी अमेरिका जाने वाली भारतीय उड़ानों को लंबे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे उड़ानों का समय लगभग 45 मिनट से लेकर 2 घंटे तक बढ़ गया है।भारतीय एयरलाइंस की तुलना में पाकिस्तानी एयरलाइंस पश्चिम के देशों के लिए कम उड़ानें भरती हैं, लेकिन पाकिस्तान को ओवरफ्लाइंग राइट्स के जरिए मिलने वाले भारी टैक्स का नुकसान उठाना पड़ रहा है।