भारत और चीन में सीमा पर शांति के लिए फिर से बातचीत, सर्दियों से पहले दोनों देश कर रहे सैन्य तैयारी

 भारत और चीनी सैनिकों के बीच 2020 में गलवान घाटी संघर्ष हुआ था जिसके बाद सर्दियों के मौसम से पहले दोनों देशों की सैन्य तैयारियां तेज हो जाती हैं। भारत और चीन के बीच सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए नये सिरे से बातचीत की गई है। चीन ने सीमा की स्थिति को 'स्थिर' बताया है।

Nov 28, 2026 - 20:19
 0
भारत और चीन में सीमा पर शांति के लिए फिर से बातचीत, सर्दियों से पहले दोनों देश कर रहे सैन्य तैयारी

बीजिंग। चीन और भारत ने सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए नये सिरे से बातचीत की है। हालांकि बातचीत के बीच दोनों ही देश सीमा पर अपनी सैन्य तैयारियों और लॉजिस्टिक सपोर्ट को भी तेजी से बढ़ा रहे हैं। चीनी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया है कि बॉर्डर पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों देशों के डिप्लोमेट्स और मिलिट्री अधिकारियों के बीच संपर्क बना हुआ है।

चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्त चेन शी ने कहा 'फिलहाल चीन-भारत सीमा क्षेत्र काफी हद तक स्थिर है। दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों जैसे कि कोर कमांडर स्तर की बातचीत के जरिए संपर्क बनाए हुए हैं ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति को लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।'

साउथ चायना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि दोनों पक्षों के बीच एलएसी के पूर्वी सेक्टर में सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत का एक नया दौर पूरा किया गया है। इस क्षेत्र में इस तरह की पहली बातचीत सितंबर में हुई थी। वहीं 8 नवंबर को शुरू हुई बैठक और एक छोटे ब्रेक के बाद करीब 10 दिनों तक चली। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के अधिकारियों के बीच ये बैठक 'सौहार्दपूर्ण' माहौल में हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस बातचीत का मकसद कामकाज के नियम तय करना, अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों के बीच के टकराव को रोकना और सर्दियों के मौसम में तनाव को भड़कने से रोकना है। हालांकि इस बैठक की बारीकियों को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। पिछले कुछ महीनों में एक बार फिर से भारत-चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ा है। अक्टूबर में आईटीबीपी के डीजी ने बताया था कि अरुणाचल प्रदेश सीमा पर कई जगहों पर चीनी सैनिकों के साथ टकराव की स्थिति बनी हुई है।

भारत और चीन, दोनों ही देश सर्दियों के आने से पहले एलएसी पर तेजी से सैन्य तैयारियों को बढ़ा रहे हैं। भारतीय सेना लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक सड़कों और सुरंगों पर काम कर रही है। अरुणाचल में सेला सुरंग और अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे और लद्दाख में निम्मू-पदम-दारचा मार्ग, जोजिला और शिंकुन ला सुरंगों के जरिए बर्फबारी के दौरान भी सेना की आवाजाही और रसद आपूर्ति को सुरक्षित बनाया जा रहा है।

भारतीय सेना ने 9 हजार से 18000 फीट की ऊंचाई पर माइनस 45°C तापमान से निपटने के लिए पहले से ही तैयारियां करती रही हैं। आईीटीबीपी ने अपनी सीमा चौकियों को बहुत पहले मौसन के अनुकूल कर लिया है।

आधुनिक हीटिंग सिस्टम और अंडरग्राउंड बंकर बनाए गये हैं। भारतीय सेना ने पिछले हफ्ते ही चीन से सटी अपनी उत्तरी सीमा पर वायुसेना का अभ्यास पूरा किया है। इस दौरान राफेल और एसयू- 30एमकेआई लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया। ये दोनों काफी मुश्किल इलाकों में काम करने वाले फाइटर जेट हैं।

भारतीय वायुसेना को अगले महीने तक पहला स्वदेशी सी-295 विमान मिलने की उम्मीद है। इस सैनिकों के उपकरण, हथियार और बाकी के जरूरी सामानों को ऊंचे जगहों पर पहुंचाने के लिए बनाया गया है।

पीएलए डेली की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी पीपुल्स पार्टी बॉर्डर डिफेंस यूनिट ने सर्दियों के लिए मेडिकल स्टॉक जमा करने की व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने अलग-अलग चौकियों के लिए वहां की स्थितियों, ड्यूटी और पुराने मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर जरूरी सामान की लिस्ट तैयार की है।

इसके अलावा चीन ने सड़क के बुनियादी ढांचे और आधुनिक 'कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक' को मजबूत किया है। सीमावर्ती चौकियों तक हर हफ्ते ताजी खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा इसने बताया है कि सीमा चौकियों को गर्म रखने वाले ग्रीनहाउस की मदद से अब इन चौकियों में ही सब्जियां उगाई जा रही हैं।