चितकारा यूनिवर्सिटी पंजाब ने टेबल टेनिस में जमाया दबदबा, तीनों मुकाबले जीतकर नॉर्थ जोन चैंपियनशिप पर किया कब्जा; चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली उपविजेता, दिल्ली को तीसरा स्थान
-आरके सिंह- बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित एआईयू नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टेबल टेनिस पुरुष टीम चैंपियनशिप 2026-27 का शनिवार को समापन हो गया। चितकारा यूनिवर्सिटी पंजाब ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीतकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली दो जीत के साथ उपविजेता रही, जबकि यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली को तीसरा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा को चौथा स्थान मिला। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आधिकारिक पॉइंट टेबल के अनुसार चितकारा यूनिवर्सिटी पंजाब ने तीन जीत और शून्य हार के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली ने दो जीत और एक हार के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली एक जीत और दो हार के साथ तीसरे तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा तीनों मुकाबलों में हार के साथ चौथे स्थान पर रही।
विजेता चितकारा यूनिवर्सिटी पंजाब की टीम में देवांश मुगदल, सुधांशु मैनी, ओइशिक घोष, पायस जैन एवं आकाश के. शामिल रहे। उपविजेता चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली की टीम में नमन भटनागर, दिव्यांश श्रीवास्तव, कुशल पीयूष चोपड़ा, जश अमित मोदी एवं शिवम चौरसिया ने प्रदर्शन किया। तीसरे स्थान पर रही यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली की टीम में सिद्धांत कटारिया, अथर्व विनीत गुप्ता, रोनक सिंह, नाउलिक चतुर्वेदी एवं आदित्य जैन शामिल रहे। वहीं चौथे स्थान पर रही लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा की टीम में मोहम्मद अजह़रुद्दीन, अर्नब चंदा, सुजल बानिक, सार्थ मिश्रा एवं प्रतम सिंह राणा ने हिस्सा लिया।
खेल समिति के सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी आयोजन को और बेहतर बनाने में फीडबैक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रत्येक आयोजन के बाद यह विचार करना चाहिए कि उसे और अधिक प्रभावी एवं उत्कृष्ट कैसे बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रतियोगिता बिना किसी विरोध अथवा आपत्ति के सफलतापूर्वक संपन्न होना बड़ी उपलब्धि है। यह आयोजन की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं टीमों को अनुशासन और खेल भावना के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अभ्यास के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एआईयू ऑब्जर्वर डॉ. कुलदीप ढाका ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई। उन्होंने आयोजन समिति के समर्पित प्रयासों तथा खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं।
कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरविश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देती हैं। इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता की सफल मेजबानी विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा के बाद नॉर्थ जोन एआईयू टेबल टेनिस प्रतियोगिता का ध्वज विधिवत उतारा गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ। इस प्रकार खेल भावना, अनुशासन, पारदर्शिता और आपसी सौहार्द का संदेश देते हुए चैंपियनशिप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।