बरेली में एथेनॉल टैंकर से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, भीषण आग में हेल्पर जिंदा जला; चालक समेत तीन ने कूदकर बचाई जान

बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार देर रात एथेनॉल से भरे टैंकर और ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में फंसे एक हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे। करीब दो घंटे तक हाईवे पर आग की लपटों और धुएं का गुबार छाया रहा।

Nov 20, 2026 - 22:07
 0
बरेली में एथेनॉल टैंकर से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, भीषण आग में हेल्पर जिंदा जला; चालक समेत तीन ने कूदकर बचाई जान
हादसे में मृत हेल्पर का फाइल फोटो। 

पुलिस के अनुसार, पानीपत से कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य सामान लादकर ट्रक बिहार के हाजीपुर जा रहा था। ट्रक को मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र निवासी वसीम अहमद चला रहा था। उसके साथ हेल्पर जमाल पुत्र मोहम्मद अकरम सवार था। इनके अलावा उसी गांव के नसीम पुत्र मोहम्मद रऊफ और नूरे मुजस्सिम पुत्र जफर हुसैन भी ट्रक में मौजूद थे।

फतेहगंज पूर्वी थाना प्रभारी पावन सिंह ने बताया कि गुरुवार देर रात ट्रक संजीव गुप्ता के होटल के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वसीम अहमद ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे खड़े एथेनॉल से भरे टैंकर में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि ट्रक में फंसे हेल्पर जमाल को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

हादसे में चालक वसीम अहमद घायल हो गया, जबकि नसीम और नूरे मुजस्सिम ट्रक से बाहर निकलने में सफल रहे। हेल्पर जमाल आग की चपेट में आ गया। आग बुझने के बाद जब पुलिस और बचाव दल ने जांच की तो उसका शव पूरी तरह जल चुका था। मौके पर उसके शरीर के अवशेष ही मिल सके।

हादसे के बाद दोनों वाहनों से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। आसपास के ढाबों और कॉलोनियों में रहने वाले लोग भी दहशत में घरों से बाहर निकल आए। आग की भयावहता को देखते हुए हाईवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग को आसपास के वाहनों और अन्य स्थानों तक फैलने से रोकने के लिए यातायात नियंत्रित किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने जले हुए वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

SP_Singh AURGURU Editor