बरेली की युवा संसद में गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प, राहुल भट्ट ने पहला स्थान हासिल किया, अभय सिंह दूसरे और शिवांश शर्मा तीसरे स्थान पर रहे, तीनों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा मौका
बरेली। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की युवा शक्ति नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएगी। युवाओं को न केवल स्वयं नशे से बचना होगा, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना होगा। यह बात सांसद श्रुति गंगवार ने गुरुवार को महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में कही। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग देश को विकसित बनाने में करने का आह्वान किया।
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एवं यूथ पार्लियामेंट 2027 के अंतर्गत माय भारत बरेली की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम 'नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत' रखी गई थी। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने तीन-तीन मिनट के वक्तव्य के माध्यम से नशामुक्ति और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशे की लत युवाओं की क्षमता, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करती है। इसलिए युवाओं को इससे पूरी तरह दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की भी है।
माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संसदीय परंपराओं से जोड़ना है। युवा अपनी प्रतिभा, विचारों और सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
युवा संसद में प्रतिभागियों ने 'नशा नाश की जड़ है भाई, इससे तौबा कर लो भाई' और 'सबका फैसला, आओ नशा मुक्त भारत बनाएं' जैसे संदेशों के माध्यम से नशामुक्त समाज का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे के बजाय पढ़ाई, देशभक्ति, शौर्य और पराक्रम के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए। खेल, संगीत, नृत्य, व्यापार और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर वे देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
राहुल भट्ट ने जीती जिला स्तरीय प्रतियोगिता
जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में राहुल भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अभय सिंह दूसरे और शिवांश शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला स्तर पर चयनित तीनों विजेताओं को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देने के साथ देश के महत्वपूर्ण विषयों पर स्वतंत्र रूप से विचार रखने का मंच प्रदान करना भी रहा।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक अजय राज शर्मा ने किया। आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवक आदित्य भारद्वाज, अनामिका, आकांक्षा, संगीता, आरती, विपिन, चमन प्रकाश, सेतपाल, आलोक पटेल, गजेंद्र और जसवंत सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।