आजम खां के बाहर आने से अखिलेश की बढ़ेगी ताकत या खुलेंगी नई सियासी चुनौतियां? ओवैसी-चंद्रशेखर के मुस्लिम-दलित मोर्चे के बीच सपा के सामने अपने पुराने समीकरण बचाने की परीक्षा
आजम खां की रिहाई ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की मुस्लिम राजनीति को नया आधार देने की संभावना पैदा की है। अखिलेश यादव के लिए उनकी वापसी ओवैसी-चंद्रशेखर के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की चुनौती का जवाब बन सकती है। लेकिन आजम-अखिलेश के रिश्ते, टिकटों में हिस्सेदारी और संगठन में सम्मान ही तय करेंगे कि यह साथ कितना प्रभावी साबित होगा।
लखनऊ। आजम खां की जेल से रिहाई समाजवादी पार्टी के लिए जितनी राहत लेकर आई है, उतनी ही नई राजनीतिक चुनौती भी खड़ी कर सकती है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा के इस कद्दावर मुस्लिम नेता की चुनाव में मौजूदगी से पार्टी को अपने पारंपरिक मुस्लिम जनाधार को फिर एकजुट करने का अवसर मिलेगा, लेकिन इसके साथ ही आजम की राजनीतिक हैसियत और उनकी अपेक्षाओं को लेकर अखिलेश यादव की परीक्षा भी शुरू होगी। दूसरी ओर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने मुस्लिम-दलित राजनीति को नया मंच देने की कोशिश की है। ऐसे में आजम की सक्रियता केवल सपा की अंदरूनी राजनीति तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विपक्ष के बीच सामाजिक आधार और नेतृत्व की प्रतिस्पर्धा को भी प्रभावित कर सकती है।
आजम खां को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी। इसके बाद 18 नवंबर की शाम वह गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आए। हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय की गिरफ्तारी की प्रक्रिया में प्रथम दृष्टया कानूनी खामियां पाई थीं। हालांकि अंतरिम जमानत का अर्थ आरोपों से बरी होना या मामले का अंतिम निपटारा नहीं है। ईडी ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने उसी दिन उनकी रिहाई पर रोक तो नहीं लगाई,लेकिन सुनवाई के लिए 19 नवम्बर के लिए सूचीबद्ध कर लिया है।
आजम की ताकत केवल मुस्लिम चेहरे की नहीं
आजम खां को सपा के लिए महत्वपूर्ण बनाने वाली बात सिर्फ उनका मुस्लिम नेता होना नहीं है। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में उनका अपना राजनीतिक प्रभाव, समर्थकों का नेटवर्क और लंबे समय से बना जनसंपर्क है। मुलायम सिंह यादव के दौर से वह समाजवादी पार्टी की राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। मंत्री, विधायक और सांसद के रूप में उनका अनुभव उन्हें पार्टी के सामान्य नेताओं से अलग पहचान देता रहा है।
अखिलेश यादव के सामने इस समय सबसे बड़ा सवाल मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा की राजनीतिक विश्वसनीयता बनाए रखने का है। भाजपा के मुकाबले सपा को अब तक मुस्लिम मतदाताओं का प्रमुख राजनीतिक विकल्प माना जाता रहा है, लेकिन इस आधार को चुनौती देने की कोशिशें लगातार हो रही हैं। ओवैसी मुस्लिम समाज के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व और प्रतिनिधित्व का सवाल उठा लगातार उठा रहे हैं। आजम खां की लंबी जेल अवधि भी इस बहस का हिस्सा बनी। ऐसे में आजम यदि ताकत से सपा के साथ खड़े होते हैं तो अखिलेश को मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
लेकिन यह मान लेना जल्दबाजी होगी कि आजम की रिहाई से मुस्लिम वोट स्वतः सपा के पक्ष में एकजुट हो जाएंगे। इसके लिए आजम और अखिलेश के बीच भरोसे का रिश्ता तथा पार्टी में आजम की वास्तविक भूमिका निर्णायक होगी।
ओवैसी-चंद्रशेखर का मोर्चा सपा के लिए नई चुनौती
सपा की मुश्किल इसलिए भी बढ़ सकती है क्योंकि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के जरिए एक अलग राजनीतिक विकल्प पेश करने की कोशिश की है। 12 नवंबर को एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने इस मोर्चे की घोषणा की। दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मंशा जताई और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। मोर्चे का लक्ष्य मुस्लिम, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को एक साझा मंच पर लाना है।
इस पहल का राजनीतिक महत्व सीटों की संख्या से आगे जाता है। ओवैसी मुस्लिम समाज के बीच अलग नेतृत्व की जरूरत का सवाल उठा रहे हैं, जबकि चंद्रशेखर दलित और वंचित वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहते हैं। यदि यह मोर्चा कुछ क्षेत्रों में भी प्रभावी सामाजिक समीकरण बना लेता है तो सपा के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड में इसका असर विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।
ऐसी स्थिति बनने पर आजम खां की भूमिका का महत्व बढ़ जाता है। उनके सपा के साथ सक्रिय होने से ओवैसी की उस रणनीति को चुनौती मिल सकती है, जिसके तहत वह मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा के विकल्प के रूप में अपनी जगह बनाना चाहते हैं। इसके उलट, यदि आजम और अखिलेश के बीच राजनीतिक दूरी बनी रहती है तो ओवैसी को अपनी बात रखने का अवसर मिल सकता है।
मुलाकात से आगे बढ़कर भरोसे की जरूरत
आजम खां और अखिलेश यादव के संबंधों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। आजम के जेल में रहने के दौरान सपा नेतृत्व की भूमिका को लेकर उनके समर्थकों के बीच असंतोष की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि अखिलेश यादव उनसे मिलने रामपुर जेल पहुंचे थे और सार्वजनिक रूप से उनके प्रति समर्थन जताया था। अक्टूबर में हुई इस मुलाकात के बाद अखिलेश ने आजम के साथ अपने संबंधों को मधुर बताया था।
लेकिन राजनीतिक रिश्तों की मजबूती का फैसला केवल मुलाकातों और बयानों से नहीं होता। अखिलेश यादव के समक्ष मौजूद चुनौती को देखते हुए आजम खां पार्टी के फैसलों में दखल बढ़ा सकते हैं। उनके समर्थकों को संगठन में कितनी जगह मिलती है और चुनाव के समय उनकी राजनीतिक प्राथमिकताओं को कितना सम्मान दिया जाता है। दूसरी तरफ अखिलेश के समक्ष आजम खां के विरोधी पार्टी के पुराने नेताओं, मौजूदा विधायकों और नए सामाजिक समीकरणों के बीच संतुलन साधना होगा।
टिकटों के बंटवारे में सामने आ सकती है असली ताकत
आजम की वापसी के बाद सपा में उनकी राजनीतिक हैसियत का सबसे स्पष्ट संकेत 2027 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के दौरान मिल सकता है। रामपुर और आसपास की सीटों पर उनकी पसंद को कितना महत्व दिया जाता है, यह पार्टी के भीतर उनके प्रभाव की वास्तविक परीक्षा होगी।
मुरादाबाद लोकसभा चुनाव के दौरान रुचि वीरा को उम्मीदवार बनाए जाने और पूर्व सांसद एसटी हसन की जगह टिकट दिए जाने के घटनाक्रम से यह संकेत मिलता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों में आजम की राय को महत्व मिल सकता है।
आजम अपने समर्थकों और परिवार के राजनीतिक हितों के लिए अधिक हिस्सेदारी चाह सकते हैं। लेकिन अखिलेश के सामने यह आसान फैसला नहीं होगा। उन्हें आजम को सम्मान और प्रभाव देना होगा, साथ ही पार्टी के दूसरे नेताओं की दावेदारी और नाराजगी का भी ध्यान रखना होगा। इसीलिए टिकटों का बंटवारा दोनों नेताओं के आपसी भरोसे की सबसे बड़ी कसौटी बन सकता है।
आजम की वापसी से किसे मिलेगा राजनीतिक लाभ?
फिलहाल आजम खां की ओर से उनकी आगे की राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई ऐसा स्पष्ट संकेत नहीं आया है, जिसके आधार पर यह तय माना जाए कि वह किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे। वह सपा के साथ मिलकर मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश करते हैं या पार्टी में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक हैसियत के अनुरूप भूमिका चाहते हैं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
उधर ओवैसी के लिए आजम की वापसी सपा के मुस्लिम नेतृत्व पर उठाए जा रहे सवालों को नई चुनौती दे सकती है।