कैलिफोर्निया के समुद्र तट पर प्रकृति का अनोखा करिश्मा, पहली बार पैदा हुए 75 समुद्री कछुए; वैज्ञानिकों के सामने जलवायु परिवर्तन से जुड़ी नई पहेली

कैलिफोर्निया (अमेरिका)। अमेरिका के कैलिफोर्निया के समुद्र तट पर समुद्री जीवों की दुनिया में एक असाधारण घटना सामने आई है। यहां पहली बार ओलिव रिडले प्रजाति के समुद्री कछुओं के प्राकृतिक घोंसले मिले> उनसे निकले 75 बच्चों को प्रशांत महासागर में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय समुद्री एवं वायुमंडलीय प्रशासन ने 25 सितंबर 2026 को जारी अपनी रिपोर्ट में इसे अमेरिकी पश्चिमी तट पर समुद्री कछुओं के प्राकृतिक घोंसले मिलने की पहली दर्ज घटना बताया था।

Nov 17, 2026 - 06:08
 0
कैलिफोर्निया के समुद्र तट पर प्रकृति का अनोखा करिश्मा, पहली बार पैदा हुए 75 समुद्री कछुए; वैज्ञानिकों के सामने जलवायु परिवर्तन से जुड़ी नई पहेली
प्रतीकात्मक इमेज।

दो समुद्र तटों पर मिले घोंसले

अमेरिकी राष्ट्रीय समुद्री एवं वायुमंडलीय प्रशासन और अमेरिकी मछली एवं वन्यजीव सेवा के अनुसार, 16 सितंबर को सील बीच और 19 सितंबर को हंटिंगटन बीच पर दो मादा ओलिव रिडले कछुओं को अंडे देते देखा गया। दोनों घोंसलों में कुल 204 अंडे थे। ओलिव रिडले कछुए सामान्यतः मैक्सिको और मध्य अमेरिका के गर्म समुद्री तटों पर प्रजनन करते हैं। कैलिफोर्निया में उनका पहुंचना वैज्ञानिकों के लिए अप्रत्याशित था।

तूफान से बचाने के लिए एक्वेरियम में रखे अंडे

समुद्री तूफान और ऊंची लहरों से घोंसलों के नष्ट होने का खतरा देखते हुए 25 सितंबर को वन्यजीव अधिकारियों ने दोनों स्थानों से अंडे निकालकर लॉन्ग बीच स्थित गैर-लाभकारी संस्था एक्वेरियम ऑफ द पैसिफिक में पहुंचाए। यहां नियंत्रित तापमान और नमी वाले वातावरण में विशेषज्ञों ने लगभग 58 दिनों तक उनकी निगरानी की।

दो चरणों में 75 कछुए समुद्र में छोड़े गए

एक्वेरियम ऑफ द पैसिफिक ने 14 नवंबर को जारी आधिकारिक सूचना में बताया कि सील बीच के घोंसले से निकले 54 बच्चों को 14 नवंबर को समुद्र में छोड़ा गया। इसके बाद हंटिंगटन बीच के घोंसले से निकले 21 कछुओं को 15 नवंबर को प्रशांत महासागर में पहुंचाया गया। इस तरह कुल 75 नन्हे कछुओं ने समुद्र की ओर अपनी पहली यात्रा शुरू की।

वैज्ञानिकों के सामने जलवायु परिवर्तन का सवाल

अमेरिकी राष्ट्रीय समुद्री एवं वायुमंडलीय प्रशासन के वैज्ञानिकों के अनुसार, कैलिफोर्निया के समुद्र में असामान्य रूप से बढ़ा तापमान और 2027 में संभावित अल नीनो की परिस्थितियां कछुओं के इस ओर आने के संभावित कारण हो सकते हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह स्थायी बदलाव है या कोई असामान्य प्राकृतिक घटना। वैज्ञानिक आने वाले वर्षों में इन समुद्र तटों पर कछुओं की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

इस घटना का एक चिंताजनक पहलू भी है। एक्वेरियम ऑफ द पैसिफिक के मुताबिक, समुद्र में पहुंचने वाले लगभग एक हजार कछुओं के बच्चों में से केवल एक के वयस्क होने का अनुमान है। इसलिए इन 75 बच्चों का सुरक्षित समुद्र तक पहुंचना संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

SP_Singh AURGURU Editor