वृंदावन में मॉरीशस के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत, भारत-मॉरीशस के 25 वर्ष पुराने संबंधों को और मजबूत बनाने पर मंथन
आगरा/वृंदावन। भारत यात्रा पर आए मॉरीशस के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का वृंदावन स्थित चार धाम मंदिर परिसर में आत्मीय स्वागत किया गया। चार धाम मंदिर के संस्थापक एवं रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के संरक्षक डॉ. जे.सी. चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर भारत और मॉरीशस के वरिष्ठ नागरिक संगठनों के बीच 25 वर्षों से चले आ रहे मैत्री एवं सहयोग को और मजबूत बनाने तथा भविष्य की साझा गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
स्वागत समारोह में रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल की कार्यकारिणी के सदस्यों, सहयोगियों और इससे संबद्ध वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति, मथुरा के पदाधिकारियों के साथ मॉरीशस की पूर्व यात्राओं में शामिल रहे सदस्य भी उपस्थित रहे। इनमें डॉ. गिरीश सी. गुप्ता, श्री दीपक गोयल, डॉ. वी.डी. अग्रवाल, श्रीमती श्रीदेवी गोयल (आईपीएस, पूर्व पुलिस महानिदेशक), डॉ. चित्रलेखा सिंह, महामंडलेश्वर श्री एस.एस. जौहरी, श्री अनिल अग्रवाल, श्री कृष्ण कुमार गुप्ता, श्री सुभाष अग्रवाल, श्री डी.सी. शर्मा और प्रख्यात लेखक डॉ. सतेंद्र जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
डॉ. जे.सी. चौधरी ने बताया कि वर्ष 2014 में वे रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के प्रतिनिधिमंडल के साथ मॉरीशस गए थे। वहां राष्ट्रपति और कई मंत्रियों से मुलाकात का सुखद अनुभव रहा। उसी यात्रा के दौरान वे संस्था से जुड़े और उसके कार्यक्रमों में सहयोग तथा सहभागिता करते रहे हैं।
मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख श्री नारायडू ने कहा कि भारत और मॉरीशस के वरिष्ठ नागरिक संगठनों के बीच हुए समझौते को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग और मैत्री का यह रिश्ता आगे भी निरंतर मजबूत बना रहे, इसके लिए दोनों पक्ष प्रयासरत हैं। उन्होंने आपसी विचार-विमर्श के माध्यम से इस सहयोग को अधिक उपयोगी और प्रभावशाली बनाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल की सदस्य श्रीमती मीनाक्षी रामास्वामी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं। मॉरीशस की सीनियर सिटीजन्स काउंसिल इसी मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करती है। डॉ. गिरीश सी. गुप्ता और श्री दीपक गोयल ने भी विचार व्यक्त करते हुए भारत-मॉरीशस के बीच वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की आवश्यकता बताई।
भारतीय सदस्यों के आत्मीय स्वागत से मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अभिभूत नजर आए। प्रतिनिधिमंडल वृंदावन से अयोध्या के लिए रवाना होगा और दर्शन के बाद 15 नवंबर की रात वापस लौटेगा। इसके बाद 16 से 18 नवंबर तक आगरा में आयोजित विभिन्न स्वागत, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेगा। इस अवसर पर संस्था की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद रहे।