बरेली में खंडहर के भीतर चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़ा हथियार सप्लाई का नेटवर्क; चार गिरफ्तार, दो फरार

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी कस्बे में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने खंडहर में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर हथियार तस्करी के एक संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा किया है। शनिवार देर रात की गई छापेमारी में पुलिस ने चार आरोपियों को हथियार बनाते हुए गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से रायफल, पिस्टल, तमंचे, कारतूस, अधबनी नाल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी सुखराज सिंह के मोबाइल से पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में होने के साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। इस खुलासे के बाद पुलिस हथियारों की सप्लाई और कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की पड़ताल में जुट गई है।

Nov 16, 2026 - 05:07
 0
बरेली में खंडहर के भीतर चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़ा हथियार सप्लाई का नेटवर्क; चार गिरफ्तार, दो फरार
बरेली पुलिस द्वारा बहेड़ी कस्बे में पकड़ी गई अवैध असलहा फैक्ट्री के आरोपी पुलिस हिरासत में।

एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के संबंध में रविवार शाम पुलिस लाइन में एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार देर रात करीब 1:35 बजे खंडहर की घेराबंदी कर छापा मारा। मौके पर हथियार तैयार कर रहे छह लोगों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहेड़ी निवासी सुखराज सिंह (19), शानू मियां (29), रामपुर निवासी जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत निवासी जसनूर सिंह (30) के रूप में हुई है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क के मिले साक्ष्य

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सुखराज सिंह के मोबाइल फोन में पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से संपर्क के साक्ष्य मिले हैं। दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को मोबाइल में कई चैट डिलीट मिली हैं। अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच संपर्क की प्रकृति क्या थी और हथियारों की सप्लाई में किसकी कितनी भूमिका थी।

इशरत पहलवान का नाम भी आया सामने

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इशरत पहलवान का नाम लिया है। पुलिस के अनुसार, इशरत पहलवान पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात बताई है। फरार दोनों आरोपी भी इशरत से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

रायफल, पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, नौ एमएम की पिस्टल, 315 बोर की रायफल, 12 बोर की दो अधबनी नाल, शिकंजा मशीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। बरामद सामान से मौके पर अवैध हथियार निर्माण का काम संचालित होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने बहेड़ी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही बरामद हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी, इशरत पहलवान की भूमिका क्या है और सुखराज सिंह का कथित पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से किस स्तर तक संपर्क था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

SP_Singh AURGURU Editor