छठ पूजा पर यमुना के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि

आगरा में रविवार को छठ पूजा पर बल्केश्वर, एत्माद्दौला और सिकंदरा सहित यमुना के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को जल और गाय के दूध से अर्घ्य दिया। घाटों पर छठी मैया के गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा।

Nov 15, 2026 - 21:47
 0
छठ पूजा पर यमुना के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि
रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करतीं व्रतीं। छठ पूजा में शामिल अपर जिला जज ज्ञानेन्द्र राव अपनी पत्नी निरूपमा राव के साथ।

बल्केश्वर, एत्माददुद्दौला और सिकंदरा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रंग-बिरंगे परिधानों में पहुंचीं व्रती महिलाएं, 36 घंटे के निर्जला व्रत में दिखी अटूट आस्था

आगरा। आस्था, विश्वास और लोक परंपरा के महापर्व छठ पूजा पर रविवार को ताजनगरी आगरा के यमुना घाट भक्तिमय नजर आए। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए यमुना के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बल्केश्वर, एत्माददुद्दौला और सिकंदरा सहित शहर के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर होते-होते घाटों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ जुटने लगी। शाम को सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से गूंज उठा।

छठ पूजा के अवसर पर व्रती महिलाएं नंगे पैर सिर पर पूजा सामग्री और हाथों में सूप लेकर यमुना घाटों तक पहुंचीं। महिलाओं ने नदी किनारे वेदी बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाई गई। इसके बाद जल और गाय के दूध से अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और घर में खुशहाली की कामना की गई।

रंग-बिरंगे परिधानों में पहुंचीं व्रती महिलाएं

छठ पूजा के दौरान यमुना घाटों पर श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में पूजा के लिए पहुंचीं। घाटों पर परिवार के सदस्य भी व्रतियों के साथ मौजूद रहे और पूजा की तैयारियों में सहयोग करते नजर आए। छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लोकगीतों की मधुर धुनों और छठी मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालु सूर्यदेव की उपासना में लीन दिखाई दिए।

शहर के बल्केश्वर यमुना घाट पर विशेष रौनक रही। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित पूजा करने पहुंचे। अपर जिला जज ज्ञानेन्द्र राव भी अपनी पत्नी निरूपमा राव के साथ छठ पूजा में शामिल हुए। निरूपमा राव ने विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने बताया कि वह हर साल छठ का व्रत रखती हैं। छठी मैया की पूजा से मन को शांति मिलती है और शरीर के कष्ट भी दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा से इतना कठिन व्रत भी सहज महसूस होता है। इस पूजा से भक्तों को शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। निर्जला व्रत के दौरान भी थकान महसूस नहीं होती। यह पर्व आस्था और आत्मबल का अद्भुत उदाहरण है।

घरों की छतों पर भी बनाए अस्थायी तालाब

यमुना घाटों तक पहुंचने में असमर्थ कुछ श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों पर ही अस्थायी तालाब बनाकर छठ पूजा की। इनमें पानी भरकर विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया गया। इस तरह शहर के अलग-अलग इलाकों में भी छठ पर्व की रौनक देखने को मिली। घरों में छठी मैया के गीत गूंजते रहे और परिवार के सभी सदस्य पूजा में शामिल हुए।

36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य

छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन और पवित्र पर्व है। इसमें व्रती महिलाएं लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखती हैं। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर अपना व्रत खोलेंगी।

छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है। आगरा में यमुना के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि आधुनिकता के दौर में भी लोक आस्था और पारंपरिक संस्कृति की जड़ें कितनी मजबूत हैं। सूर्य उपासना के इस महापर्व ने ताजनगरी को भक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता के रंग में रंग दिया।