बरेली में सामाजिक सद्भाव सम्मेलन से भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, केशव मौर्य का कांग्रेस-सपा पर हमला, बोले- मोदी को हटाने के लिए देशविरोधी ताकतों से समझौता; 2027 में मंडल की सभी 25 सीटें जीतने का लक्ष्य

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए देशविरोधी ताकतों से समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष युवाओं को भड़काने और विदेशी गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। बरेली के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान एवं सामाजिक सद्भाव सम्मेलन में उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का लक्ष्य घोषित करते हुए बरेली मंडल की सभी 25 सीटों पर जीत का आह्वान किया। अखिलेश यादव के पीडीए नारे को ‘परिवार विकास एजेंसी’ बताते हुए उन्होंने सपा के शासनकाल को अपराध और तुष्टीकरण से जोड़ा। राम मंदिर, कांवड़ यात्रा, आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरा।

Nov 15, 2026 - 20:29
Nov 15, 2026 - 20:30
 0
बरेली में सामाजिक सद्भाव सम्मेलन से भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, केशव मौर्य का कांग्रेस-सपा पर हमला, बोले- मोदी को हटाने के लिए देशविरोधी ताकतों से समझौता; 2027 में मंडल की सभी 25 सीटें जीतने का लक्ष्य
बरेली में हुए भाजपा के सामाजिक सद्भाव सम्मेलन में मंच पर मौजूद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और जिले के भाजपा नेता व जनप्रतिनिधि। नीचे हैं सम्मानित किये गये लोग।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत करते हुए महापौर डॉक्टर उमेश गौतम और राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार।

मौर्य ने कहा कि भाजपा के पास विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का स्पष्ट विजन है, जबकि कांग्रेस और सपा दूरदृष्टि से विहीन हैं। वर्ष 2027 के चुनाव को देखते हुए पार्टी सामाजिक समीकरणों को साधने और संगठन को मजबूत करने में जुटी है।

मंडल की सभी 25 सीटें जीतने का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में बरेली जिले की नौ विधानसभा सीटों में से सात और बरेली मंडल की 25 में से 18 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। पार्टी का अगला लक्ष्य बरेली की सभी नौ और मंडल की सभी 25 सीटों पर कमल खिलाना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि टिकट किसी को भी मिले, सभी को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। भाजपा में टिकट मांगने का अधिकार सभी को है, लेकिन व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन की जीत होनी चाहिए।

पीडीए को बताया परिवार विकास एजेंसी

अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर कटाक्ष करते हुए मौर्य ने इसे ‘परिवार विकास एजेंसी’ करार दिया। उन्होंने सपा पर जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करने तथा अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता से हटाने के लिए देशविरोधी ताकतों से समझौते कर रहा है। युवाओं को भड़काने और विदेशी गैर सरकारी संगठनों के जरिए समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

सपा शासन में अपराध, भाजपा में कानून का राज

मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय प्रदेश में बम और कट्टे बनाने की फैक्ट्रियां चलती थीं तथा सरकारी संसाधन सैफई महोत्सव पर खर्च किए जाते थे। उस दौर में कानून-व्यवस्था और ईमानदारी को प्राथमिकता नहीं दी गई। इसके विपरीत भाजपा सरकार जाति-धर्म के भेदभाव के बिना विकास योजनाएं लागू कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और दंगा करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि आने वाली पीढ़ियां भी ऐसा करने से पहले सोचेंगी।

80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन

सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के करीब 80 करोड़ लोगों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन दिया जा रहा है। बेटी हो या बेटा, हिंदू हो या मुसलमान, सभी को समान अधिकार और पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने पिछली सरकारों पर योजनाओं के वितरण में तुष्टीकरण का आरोप लगाया। साथ ही स्नातक युवाओं को लैपटॉप और टैबलेट उपलब्ध कराने की बात कही। आयुष्मान भारत योजना के तहत चार यूनिट वाले ऐसे परिवारों को भी दायरे में लाने का प्रयास किया जाएगा, जिनके अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2026 से 2047 तक का समय देश की दिशा और भावी पीढ़ियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। भारत को आर्थिक, सामाजिक और सामरिक रूप से मजबूत बनाने में सभी को योगदान देना होगा।

प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी और विकास क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की बात कही।

आरक्षण, अनुच्छेद 370 और समान नागरिक संहिता

संविधान और आरक्षण पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा न तो आरक्षण समाप्त कर सकती है और न ही संविधान को खतरे में पड़ने देगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में तिरंगा फहराने का संकल्प बाकी है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, किसानों को समृद्ध बनाने और भारत को आयातक के बजाय निर्यातक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने को भी पार्टी के लक्ष्यों में शामिल बताया।

राम मंदिर और कांवड़ यात्रा पर सपा को घेरा

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मौर्य ने कहा कि आज राम मंदिर में दर्शन की बात करने वालों को पहले रामभक्तों और कारसेवकों पर चलाई गई गोलियों का जवाब देना चाहिए।

बरेली की नाथ नगरी कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में शिवभक्तों को लाठियों से पीटा जाता था और धार्मिक आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ विकास और सामाजिक सद्भाव को भी प्राथमिकता दे रही है।

30 प्रतिभाओं का सम्मान

सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 30 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।

आयोजक मोहन लाल मौर्य और उनकी टीम का आभार जताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सामाजिक एकता बनाए रखने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। संबोधन का समापन उन्होंने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ किया।

SP_Singh AURGURU Editor