उर्दू अदब की खिदमत के लिए अलीगढ़ के प्रो. सगीर अफराहीम को मिला 30वां मैकश अवार्ड, आगरा में साहित्यकारों ने सूफी चिंतन और मैकश अकबराबादी की शख्सियत पर की चर्चा

आगरा। उर्दू साहित्य और अदब की दुनिया में उल्लेखनीय योगदान के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. सगीर अफराहीम को 30वें वार्षिक अल्लामा मैकश अकबराबादी राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह-2026 में मैकश अवार्ड से सम्मानित किया गया। सेंट जॉन्स कॉलेज के असेंबली हॉल में आयोजित समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न, मानपत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित साहित्यिक गोष्ठी में देश के जाने-माने उर्दू विद्वानों और साहित्यकारों ने मैकश अकबराबादी के व्यक्तित्व, साहित्यिक योगदान और सूफी चिंतन पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उर्दू अदब की समृद्ध परंपरा और प्रेम, भाईचारे का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Nov 16, 2026 - 04:24
 0
उर्दू अदब की खिदमत के लिए अलीगढ़ के प्रो. सगीर अफराहीम को मिला 30वां मैकश अवार्ड, आगरा में साहित्यकारों ने सूफी चिंतन और मैकश अकबराबादी की शख्सियत पर की चर्चा
सेंट जॉन्स कॉलेज के असेंबली हॉल में आयोजित समारोह में 30वें मैकश अवार्ड से सम्मानित प्रो. सगीर अफराहीम और अतिथिगण।

बज़्म-ए-मैकश संस्था ने सेंट जॉन्स कॉलेज के उर्दू विभाग के सहयोग से इस राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह जाफ़री नियाज़ी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. सैयद सिराजउद्दीन अजमली उपस्थित रहे। मंच पर सेंट जॉन्स कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह और उत्तर प्रदेश के पूर्व उप परिवहन आयुक्त (एसटीए) डॉ. विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।

बज़्म-ए-मैकश के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह कादरी नियाज़ी ने प्रो. सगीर अफराहीम को स्मृति चिह्न, मानपत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया। संस्था की महासचिव प्रो. (डॉ.) नसरीन बेगम ने सम्मानित साहित्यकार का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि मानपत्र का वाचन सैयद फैज़ अली शाह ने किया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रो. सगीर अफराहीम ने कहा कि आज के ये लम्हात उनके लिए बेहद अहम हैं। इस अवार्ड को प्राप्त करने से अदबी हलकों में उनका सम्मान और बढ़ेगा। संस्था के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह ने कहा कि मैकश अवार्ड हिंदुस्तान की उन चुनिंदा शख्सियतों को दिया जाता रहा है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन उर्दू साहित्य की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। प्रो. सगीर अफराहीम भी इसी साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्य अतिथि प्रो. सैयद सिराजउद्दीन अजमली ने कहा कि आगरा ऐसा शहर है, जिसने देश को अनेक बड़े अदीब और शायर दिए हैं। मैकश अवार्ड ऐसा सम्मान है, जिसे प्राप्त कर कोई भी साहित्यकार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। पूर्व उप परिवहन आयुक्त डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि उर्दू अदब से जुड़े इस तरह के साहित्यिक आयोजन समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाते हैं।

मैकश अकबराबादी के सूफी चिंतन पर हुई गोष्ठी

समारोह का प्रमुख आकर्षण "मैकश अकबराबादी की शख्सियत और फिक्र-ए-तसव्वुफ" विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी रही। इसमें सेंट जॉन्स कॉलेज के उर्दू विभागाध्यक्ष सिब्ते हसन नकवी, सैयद बसारुल हसन वफा नकवी, डॉ. मुजीब शहज़र, नईमा जाफरी पाशा और आबिंदा फातिमा ने मैकश अकबराबादी के व्यक्तित्व, साहित्यिक अवदान और सूफी विचारधारा के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने उनके साहित्य में निहित आध्यात्मिक चिंतन और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला।

दो पुस्तकों का हुआ विमोचन, उर्दू विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में सैयद फैज़ अली शाह कादरी नियाज़ी जाफ़री द्वारा संपादित पुस्तक 'इंतिखाब-ए-कलाम हज़रत सैयद मोहम्मद अली शाह कादरी नियाज़ी अल्लामा मैकश अकबराबादी' तथा प्रो. नसरीन बेगम के कहानी संग्रह 'तल्खियां जिंदगी की' का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सैयद अजमल अली शाह और सेंट जॉन्स कॉलेज की प्रो. विन्नी जैन ने उर्दू के छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. नसरीन बेगम ने किया। उन्होंने मैकश अकबराबादी को याद करते हुए उनका यह शेर भी पढ़ा—

"खूब था उनकी तवज्जह का जमाना मैकश,
अब तो शायद उन्हें हम याद भी कम आते हैं।"

अंत में सैयद फैज़ अली शाह ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में शाहिद नदीम, अमीर अहमद (एडवोकेट), सईदुल्ला माहिर, महमूदुज्जमा, सैयद मोहताशम अतहर सिद्दीकी, आविद मोहम्मद, नवेद अतहर सिद्दीकी, डॉ. सादिया, डॉ. दानिश, अनिल शुक्ल, बसारुद्दीन अहमद, अख्तर उवैसी, डॉ. महेश धाकड़, असलम सलीमी और अमित नेल्सन सहित अनेक साहित्यप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor