आगरा के 25 हजार किसानों को मिलेगा निःशुल्क पूसा सरसों-32 मिनीकिट, पंजीकरण करा लें
आगरा। उत्तर प्रदेश कृषि विभाग, जनपद आगरा की ओर से किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। विभाग ने सूचित किया है कि राज्य सरकार की वितरण, प्रदर्शन एवं प्रसार कार्यक्रम योजना के अंतर्गत जिले के 25,000 किसानों को निःशुल्क पूसा सरसों-32 (PM-32) बीज का मिनीकिट उपलब्ध कराया जाएगा।
उच्च गुणवत्ता वाला बीज
आरबीएस कॊलेज बिचपुरी के प्रो. आर.एस. चौहान ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) द्वारा वर्ष 2021 में विकसित सरसों की यह प्रजाति पूसा सरसों-32 (PM-32) उच्च गुणवत्ता वाली है और रबी सीजन में खेती के लिए उपयुक्त मानी गई है। योजना के तहत प्रत्येक किसान को 2 किलोग्राम बीज का मिनीकिट दिया जाएगा।
पंजीकरण की अनिवार्यता
योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो रबी में सरसों की बुवाई करना चाहते हैं और कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराते हैं। पंजीकरण के बाद ही मिनीकिट उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से लाभार्थी किसानों का चयन किया जाएगा।
अधिक जानकारी यहां से लें
किसान अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार (ब्लॉक स्तर के सरकारी बीज गोदाम) से संपर्क कर सकते हैं।