बरेली के मनौना धाम में 121 फीट ऊंचे त्रिशूल का शिलान्यास, महंत ओमेंद्र महाराज ने किया पूजन; उत्तर भारत में होगा अपनी तरह का पहला विशाल स्वरूप
-आरके सिंह- बरेली। बरेली जिले के आंवला स्थित प्रसिद्ध मनौना धाम में भगवान शिव के प्रतीक 121 फीट ऊंचे विशाल त्रिशूल की स्थापना की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महंत ओमेंद्र महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर त्रिशूल निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। धाम में इतने विशाल त्रिशूल की स्थापना की घोषणा से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
महंत ओमेंद्र महाराज ने पूजन के बाद कहा कि मनौना धाम में स्थापित होने वाला 121 फीट ऊंचा त्रिशूल भगवान शिव की शक्ति, साहस और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक होगा। इसकी भव्यता धाम की धार्मिक पहचान को नया आयाम देगी। निर्माण और स्थापना पूरी होने के बाद यह श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
धाम के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि 121 फीट ऊंचा यह त्रिशूल उत्तर भारत में अपनी तरह का पहला विशाल त्रिशूल होगा। इसे देश की एक प्रतिष्ठित कंपनी ने तैयार किया है और इसे यथाशीघ्र मनौना धाम में स्थापित किया जाएगा।
मनौना धाम में बाबा श्याम के दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। धाम की बढ़ती लोकप्रियता के बीच विशाल त्रिशूल की स्थापना को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके स्थापित होने से धाम की भव्यता में वृद्धि के साथ ही श्रद्धालुओं को एक नया धार्मिक आकर्षण मिलेगा।
सनातन परंपरा में त्रिशूल भगवान शिव का प्रमुख आयुध होने के साथ शक्ति, धर्म, साहस और कल्याण का प्रतीक माना जाता है। मनौना धाम में इसका 121 फीट ऊंचा स्वरूप श्रद्धालुओं की आस्था और आध्यात्मिक भावनाओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।