छिबरामऊ अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता और बेटी को भी किया गिरफ्तार, घर से लाइसेंसी बंदूक, अवैध तमंचा और 37 कारतूस भी बरामद,  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

-संजीव शुक्ला- छिबरामऊ। कन्नौज जिले के छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित और उसकी 18 वर्षीय बेटी उन्नति दीक्षित को भी गिरफ्तार कर लिया है। अवध बिहारी के कब्जे से लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक, अवैध 315 बोर का तमंचा और विभिन्न बोर के कुल 37 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उधर,  शनिवार देर शाम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी छिबरामऊ पहुंचे और मृतक अधिवक्ता के आवास पर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

Nov 15, 2026 - 00:14
 0
छिबरामऊ अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता और बेटी को भी किया गिरफ्तार, घर से लाइसेंसी बंदूक, अवैध तमंचा और 37 कारतूस भी बरामद,  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा
पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी। साथ मौजूद हैं विधायक अर्चना पांडेय।

अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में कन्नौज पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित और पुत्री उन्नति दीक्षित।

पुलिस ने दो वांछितों को और पकड़ा

अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में थाना छिबरामऊ पुलिस ने 14 नवंबर 2026 को वांछित अभियुक्त अवध बिहारी दीक्षित पुत्र स्वर्गीय सूरज नारायण दीक्षित को कस्बा छिबरामऊ के पश्चिमी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया। इसी मामले की विवेचना में प्रकाश में आई महिला अभियुक्ता उन्नति दीक्षित पुत्री अमोल दीक्षित को मोहल्ला इब्राहिमगंज में जीटी रोड की तरफ से पकड़ा गया। दोनों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

विवाद के बाद गोली मारकर की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को अंकित चतुर्वेदी पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी, निवासी मोहल्ला सुभाषनगर, छिबरामऊ ने तहरीर देकर बताया था कि अमोल दीक्षित ने उनके चचेरे भाई अभिषेक चतुर्वेदी पुत्र दिनेश शंकर चतुर्वेदी के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत करने के लिए अंकित अपने भाई अनुज चतुर्वेदी, दीपक पाठक और चचेरे भाई अभिषेक के साथ अमोल दीक्षित के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अमोल ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान अमोल की मां मुन्नी देवी और पिता अवध बिहारी दीक्षित ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप के मुताबिक, इसके बाद अमोल दीक्षित ने अनुज चतुर्वेदी को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली लगने से अनुज की मृत्यु हो गई।

इस तहरीर के आधार पर थाना छिबरामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 499/2026 दर्ज किया गया था। इसमें अमोल दीक्षित पुत्र अवध बिहारी दीक्षित, अवध बिहारी दीक्षित पुत्र सूरज नारायण दीक्षित और मुन्नी देवी पत्नी अवध बिहारी दीक्षित को नामजद किया गया था।

बंदूक, तमंचा और 37 कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अवध बिहारी दीक्षित के कब्जे से एक लाइसेंसी 12 बोर की एकनाली बंदूक और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एक अवैध 315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और 7.65 एमएम के 20 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूसों को मामले की विवेचना से संबंधित कार्रवाई में शामिल किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अवध बिहारी दीक्षित निवासी मोहल्ला इब्राहिमगंज, छिबरामऊ तथा उन्नति दीक्षित, उम्र करीब 18 वर्ष, पुत्री अमोल दीक्षित शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने परिवार को दिया भरोसा

इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार देर शाम अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के छिबरामऊ स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि अनुज चतुर्वेदी भाजपा के कार्यकर्ता थे और पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

पंकज चौधरी ने कहा कि योगी सरकार में अपराधी किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाते। उन्होंने प्रदेश में हो रही हत्याओं को आकस्मिक घटनाएं बताते हुए कहा कि सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करती है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपराध करने वालों को जिस तरह का माहौल मिलता था, वैसा अब नहीं है। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा विधायक अर्चना पांडेय भी मौजूद रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor