'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, पांचवें दिन 107.50 करोड़ बटोरकर पहले सोमवार का बनाया नया रिकॉर्ड; दुनियाभर में 663.90 करोड़ का कारोबार  

मुंबई। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। दिवाली के बाद सोमवार को फिल्म ने कमाई के मामले में ऐसी छलांग लगाई कि भारतीय सिनेमा में पहले सोमवार की कमाई का नया रिकॉर्ड बन गया। रिलीज के पांचवें दिन फिल्म ने भारत में 107.50 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। इसके साथ ही दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 663.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

Nov 10, 2026 - 08:26
 0
'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, पांचवें दिन 107.50 करोड़ बटोरकर पहले सोमवार का बनाया नया रिकॉर्ड; दुनियाभर में 663.90 करोड़ का कारोबार   

सोमवार को सबसे बड़ी कमाई का रिकॉर्ड

फिल्म के पांचवें दिन यानी सोमवार (9 नवंबर) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 107.50 करोड़ रुपये नेट कमाए। यह किसी भारतीय फिल्म की सोमवार को हुई अब तक की सबसे बड़ी कमाई बताई जा रही है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' के नाम था, जिसने पहले सोमवार को 60 करोड़ रुपये नेट कमाए थे।

फिल्म की हिंदी संस्करण से सबसे ज्यादा 87.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई। कन्नड़ संस्करण ने 7.50 करोड़, तेलुगु ने 6 करोड़, तमिल ने 4 करोड़ और मलयालम संस्करण ने 2.75 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

पांच दिनों में भारत से 346 करोड़ से अधिक

फिल्म ने रिलीज के पहले पांच दिनों में भारत में कुल 346.35 करोड़ रुपये नेट और 413.90 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए हैं। विदेशी बाजारों से 250 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन 663.90 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म अब दुनियाभर में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भव्य फिल्म

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। इसके दूसरे भाग के दिवाली 2028 में रिलीज होने की जानकारी सामने आई है।

SP_Singh AURGURU Editor